
बांसवाड़ा
नगर परिषद में सभापति मंजूबाला पुरोहित और उपसभापति महावीर बोहरा के मध्य लंबे समय से चली आ रही तनातनी बुधवार शाम को उस समय और गहरी हो गई जब आयुक्त और सभापति के काम काज से असंतुष्ट पार्षद देर शाम पंचायतीराज राज्य मंत्री धनसिंह रावत से शिकायतों का पिटारा लेकर पहुंचे। वहीं मंत्री रावत ने भी पहली बार यह स्वीकार किया कि सभापति और उपसभापति के मध्य तालमेल नहीं है, जिसके चलते पार्षदों में नाराजगी व्याप्त हो रही है। वहीं उन्होंने इस बात से इनकार किया कि असंतुष्ट पार्षद सभापति को हटाने की मांग को लेकर उनके पास आए थे। इससे पूर्व असंतुष्ट धड़े में शामिल करीब 9 से 10 पार्षदों ने बुधवार को भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित कर मंत्री तक नाराजगी पहुंचाने का निर्णय किया।
तीन साल से चली आ रही है तनातनी
उल्लेखनीय है कि वर्तमान बोर्ड के गठन के बाद से ही सभापति पुरोहित एवं उपसभापति बोहरा के मध्य तनातनी बनी हुई है। वहीं कई पार्षदों ने भी उनके वार्डों में विकास कार्य नहीं होने लेकर सभापति के प्रति नाराजगी जताई है। स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर परिषद की हुई फजीहत के बाद यह नाराजगी और बढ़ गई। आयुक्त को हटाने की मांग की आड़ में उन्होंने सभापति के प्रति नाराजगी जताई।सर्किट हाउस में करीब दो घंटे तक बंद कमरे में चली बैठक में पार्षद गायत्री शर्मा, चंकी शाह, लाभचंद पटेल, नीरज मेहता, दिलीप यादव, सुधा मोरिया, सोनिया वाधवानी, वैशली शर्मा, फजीला कोटावाला, मनोनीत पार्षद रमेश तेली, श्याम राणा सहित भाजपा के अली कोटावाला, विजय पंचाल, गौरव शर्मा आदि ने आयुक्त भौमाराम सैनी और कर्मचारियों की शिकायत की और कहा कि उनका कोई काम नहीं होता और कांग्रेस के पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य अधिक हो रहे हैं। वहीं निर्माण स्वीकृतियां जारी नहीं होने एवं अन्य विकास कार्यों में उनके वार्डों की अनदेखी को लेकर भी नाराजगी जताई।