बांसवाड़ा। गांवों की सरकार बनाने के लिए चल रहे पंचायती राज चुनाव का तीसरा चरण सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों के चुनाव परिणाम के साथ ही खत्म हुआ। देर रात्रि गहमागहमी भरे माहौल में सरपंचों के लिए हुए मतदान के बाद मतदान टोलियों ने मत पर्चियों की गणना की। एक के बाद एक नतीजे आने के साथ ही पंचायत मुख्यालय पर नारेबाजी के दौर चले। शुक्रवार सुबह उपसरपंच के निर्वाचन प्रक्रिया हुई। इसमें कई ग्राम पंचायतों में निर्विरोध उपसरपंचों का निर्वाचन हुआ। पंचायत राज चुनाव के परिणामों में कई ऐसे परिणाम सामने आए, जिनकी राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है।