बांसवाड़ा

CM Bhajanlal : ‘भाजपा में कार्यकर्ता कब नेता बन जाए, तय नहीं’, सीएम भजनलाल बोले- मैं भी एक दिन सरपंच था

CM Bhajanlal : घाटोल (बांसवाड़ा). सभा के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल जब मंच से उतरे तो कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान एक सरपंच ने उनसे कहा, ‘साहब, मैं सरपंच हूं।’ इस पर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘मैं भी तो एक दिन सरपंच ही था।’ मौजूद कार्यकर्ता खिलाखिला उठे।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 7:05 PM IST
banswara ghatol cm bhajanlal said I was also a sarpanch once
Banswara : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

CM Bhajanlal : घाटोल (बांसवाड़ा). मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता कब, किस पद पर पहुंच जाए, कोई तय नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन काम करता है। मुख्यमंत्री सोमवार को खमेरा स्थित भाटिया महादेव मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मंच पर पास की कुर्सी पर बैठे पार्टी जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज वह मंच पर बैठे हैं, ऐसे ही हजारों कार्यकर्ता मेहनत के दम पर नेता बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने माताओं-बहनों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आगामी समय में भी उन्हें और मौके मिलेंगे। सत्ता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।

‘मैंने खेती की है, किसानों की परेशानी समझता हूं’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, ‘मैंने गाय-भैंस का दूध निकाला है, हल से खेती की है और खेतों में सरसों काटी है। इसलिए किसानों की परेशानी समझता हूं।’ वह बोले- किसान सशक्त होगा तो देश भी सशक्त होगा। राइजिंग राजस्थान के तहत पांच लाख लोगों को रोजगार मिला है। प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई गई है।

सरपंच ने कहा- साहब, मैं सरपंच हूं

सभा के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जब मंच से उतरे तो कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान एक सरपंच ने उनसे कहा, ‘साहब, मैं सरपंच हूं।’ इस पर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘'मैं भी तो एक दिन सरपंच ही था।’ मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज पर वहां मौजूद कार्यकर्ता खिलाखिला उठे।

निकाय चुनावों में जीत की बधाई

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनावों में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सरकार पिछले ढाई-तीन साल से अपने संकल्पों को पूरा कर रही है। घाटोल क्षेत्र प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और सलूम्बर जिलों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। डबल इंजन की सरकार में तीसरा इंजन जोड़कर गांवों को विकसित बनाना है। भाजपा राष्ट्रहित में काम करने वाली पार्टी है और विकसित गांव बनाना उसका संकल्प है।

बांसवाड़ा राजस्थान का कश्मीर, यहां लगेंगे बड़े उद्योग : भजनलाल

मुख्यमंत्री ने खमेरा में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ राजस्थान का कश्मीर हैं। आने वाला समय बांसवाड़ा का है। यहां बड़े-बड़े उद्योग लगेंगे और पर्यटन से भी युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों को विकसित बनाने का संकल्प लेकर जाने का आह्वान किया।

सरकार युवाओं को रोजगार देगी

मुख्यमंत्री ने भारत आदिवासी पार्टी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि एक पार्टी युवाओं को भड़काकर उन्हें रास्ते से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं को समझाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देगी। युवा देश की ताकत हैं, उन्हें गलत दिशा में जाने से रोकना होगा।

चुनाव हर कार्यकर्ता की परीक्षा

सीएम शर्मा ने कहा कि हर कार्यकर्ता के सामने चुनाव एक परीक्षा है, जिसमें सभी को पास होना है। उन्होंने गांवों के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। क्षेत्र में उद्योग और पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चिंता नहीं करने और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

Updated on:
26 Oct 2026, 7:05 PM IST
Published on: