
बांसवाड़ा। पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से मंगलवार को भी वाहन चालकों में चिंता का माहौल रहा। इसके चलते वाहन चालक आवश्यकता से अधिक ईंधन तेल वाहनों में भरवाते नजर आए। जिला मुख्यालय के कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ रही। वहीं घाटोल में एक पंप पर वाहनों की कतार लगी रहने से पेट्रोल समाप्त हो गया।
इसे लेकर जिला पेट्रोल पंप एसोसिएशन बांसवाड़ा के जिलाध्यक्ष हरीश कलाल ने एक अपील जारी करते हुए इस तरह की अफवाह से बचने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से पेट्रोल समाप्त होने की अफवाह फैलाई जा रही है, जिससे लोग चिंतित होकर इमरजेंसी जैसे हालातों से बचने के लिए पेट्रोल को भी आवश्यकता से अधिक एडवांस भरवाकर जमा कर रहे हैं। इससे शहर में कुछ पंपों पर पेट्रोल के खत्म होने की सूचना आई। उन्होंने लोगों को पेट्रोल को लेकर पैनिक नहीं होने की एवं बाजार में फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की।
जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर भी बांसवाड़ा जिला रसद अधिकारी ओमप्रकाश जोतड़ ने अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार तेल एवं गैस कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे जिले में गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मीडिया रिपोर्ट्स के चलते गैस संकट की अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ता अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा न करें और जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें। गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जो नियमित जांच कर रही है। कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गनोड़ा कस्बे के तीनों पेट्रोल पंप पर खूब गहमागहमी दिखी। लोग पेट्रोल-डीजल लेने अपने वाहन लेकर पंप पर पहुंचे। कुछ महिलाएं अपने साथ केन लेकर आई थी तथा पंप पर पेट्रोल डीज़ल भरवाती दिखाई दी। वहीं छोटे बच्चे भी अपने साथ प्लास्टिक की बोतले एवं प्लास्टिक के डिब्बे लेकर पंप पर पहुंचे। कुछ वाहन चालक भी अपने साथ केन लेकर आए थे। वे भीड़ के बीच कैन को भी भरवाते दिखाई दिए।