21 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत
बांसवाड़ा. जनता दल के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार बुधवार को करीब 2 बजे बांसवाड़ा पहुंचे। शहर के कुशलबाग मैदान में सभा स्थल पर नीतिश कुमार के पहुंचने पर बिहार के स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह के साथ करीब 21 किलो फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत के दौरान जनता के दल के कई स्थानिय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाज सुधार की रही चर्चा
मामा बालेश्वर दयाल से जुड़े वागड़ में आए नीतिश कुमार ने यहां भी शराबबंदी और समाज सुधार के लिए लोगों को संबोधित किया। नीतिश ने कहा कि बिहार में शराबबंदी का अच्छा असर हुआ है। साथ ही समाज में सुधार भी देखने को मिला है। राजस्थान में भी शराबबंदी के लिए कदम उठाया जाना चाहिए। इसके अलावा राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए नीतिश ने यहां जनाधार तैयार करने की कोशिश की।
गर्मी और सीएम ने छीनी भीड़
इधर एक ओर जिले में राजस्थान की मुख्यमंत्री का चार दिवसीय दौरा जारी है वहीं भीषण गर्मी से भी लोग त्रस्त है। ऐसे में बुधवार को नीतिश की सभा में उम्मीद से कम भीड़ देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद थी और तैयारियां भी उसी तरह से की गई थी। नीतिश के पहुंचने से पहले तो सभा स्थल पर केवल इक्का-दूक्का लोग ही थे। नीतिश के आने पर करीब एक हजार लोग सभास्थल पर मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस की व्यवस्था भी चाक- चौबंद रही।
बांसवाड़ा सम्मेलन रणनीति का आगाज
सीमित होते जा रहे जनता दल के जनाधार में प्राण फूंकने की कोशिश एक बार पुन: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में सामाजिक अधिकार कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से करेंगे। इसे मामा बालेश्वर दयाल की बांसवाड़ा में राजनीतिक विरासत को संजोये रखने के साथ तीसरे राजनीतिक विकल्प की भूमिका तलाश करना भी बताया जा रहा है। इस तरह का प्रयास यहा पूर्व मे किरोड़ीलाल मीणा, विधायक हनुमान बेनीवाल, पूर्व मंत्री दलीचद मईडा के साथ कर चुके हैं, लेकिन मीणा के भाजपा से राज्य सभा सदस्य बनने के बाद ये विकल्प दम तोड़ता दिखाई पड़ रहा था।
इसी बीच जनता दल यू ने तीसरा विकल्प खड़ा करने के नाम पर प्रदेश में 200 सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान भी किया है। इस सम्मेलन को इसके आगाज के तौर भी देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार एयरपोर्ट से सीधे उदयपुर आए और यहां सर्किट हाउस में उन्होंने रात्रि विश्राम करने के लिए पहुंचे। सर्किट हाउस में पटेल नवनिर्माण सेना जिलाध्यक्ष गेहरीलाल डांगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता नीतीश कुमार से मिले। इसके बाद बुधवार को वह बांसवाड़ा के लिए रवाना हुए।