
बांसवाड़ा. अरथूना. चिटफंड कंपनियों (Chit Fund Company) की ठगी जिले में थमने का नाम नहीं ले रही है। इसमें नया नाम हिन्दुस्तान व्यापार नेटवर्क नाम की एक चिटफंड का सामने आया है। कंपनी पर जिले के अरथूना व इसके आसपास के इलाके में आकर्षक योजना का झांसा देकर ग्रामीणों से करीब पांच करोड़ की ठगी का आरोप है। पुलिस ने कपंनी के छह पदाधिकारियों एवं इसमें कार्य करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कम्पनी के ऐजेंट पादेड़ी निवासी गौतमलाल पुत्र पुंजा पाटीदार ने अरथूना थाना पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2010 में हिन्दुस्तान व्यापार नेटवर्क (एचवीएन) नाम की कम्पनी के एजेंट छोटा डुंगरा निवासी सुरेन्द्र दांतला व लीमड़ी गुजरात निवासी प्रकाश उर्फ राजू जाट कम्पनी की लुभावनी स्कीमें (Breathtaking schemes) लेकर पांचवड़ा निवासी सुशील जोशी व पंकज जोशी के पास आए, जहां से पादेड़ी निवासी गौतमलाल पाटीदार के पास पहुंचे और 5 साल 11 माह में रुपया डबल, 8 साल में तिगुना होने के साथ अन्य कई लुभावनी स्कीमों के झांसे दिए।
इन पर धोखाधड़ी का आरोप
रिपोर्ट के आधार पर एचवीएन की चेयरमैन दाहोद निवासी दक्षा पत्नी अजित सिंह खतडिय़ा, अजीत सिंह पुत्र बाबूसिंह, बाबूसिंह खतडिय़ा, गुजरात लिमड़ी निवासी प्रकाश उर्फ राजू जाट, निर्मला बेन पत् नी राजू जाट, छोटा डूंगरा निवासी सुरेन्द्र दांतला, सज्जनगढ़ निवासी राजेन्द्र पुत्र कन्हैयालाल पटेल व छोटा डुंगरा निवासी पृथ्वीसिंह दांतला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इन एजेंटों ने कराई राशि
गौतमलाल पाटीदार पादेड़ी, हेमंत भटट् आंजना, गणेश टेलर आमजा, कन्हैयालाल तीरगर, मंजुला पाटीदार भानों का पारड़ा, कल्पना पाटीदार गोसाई का पारड़ा, पुष्पा उपाध्याय कुशलकोट, भावना पाटीदार बस्सी, विनोद पाटीदार मलाना, पोजा मालीवाड़ मलाना, मोती बेन पाटीदार पादेड़ी लोकेन्द्रसिंह आमजा, नीता पाटीदार परतापुर, कलालिंग पाटीदार भगोरा अशोक पाटीदार कोटड़ा, गौतम पाटीदार, जयदीप जोशी आंजना सहित करीब बीस एजेंट हैं।
ब्रांच बंद कर हुए फरार
आरोपियों ने लुभावनी स्कीमों के झांसे के साथ विभिन्न प्रकार के कमीशन का लालच भी दिया। आरोपियों ने अरथूना क्षेत्र में करीब 30 एजेंट बनाए, जिन्होंने लुभावनी स्कीम देकर ग्रामीणों से अलग-अलग किस्तों में करीब पांच करोड़ लेकर दाहोद एवं बांसवाड़ा ब्रांच में जमा कराए। वर्ष 2016 में जब स्कीमें परिपक्व हुई तो ग्रामीणों ने एजेंटों से रुपयों की वापसी के लिए मांग की। इस पर एजेंटों ने भी कंपनी सदस्यों से रुपयों की मांग करना शुरू किया। एजेंटों ने सैकड़ों बार दाहोद (Dahod Latest News In Hindi) स्थित ब्रांच के चक्कर काट, लेकिन आरोपी हर बार जल्द रुपए देने की बात कहकर टालमटोल करने लगे। ग्रामीणों ने स्कीम परिपक्व होने पर कंपनी की ओर से दिए गए चेक बैंकों में लगाना शुरू किया तो चेक बाउंस हो गए। एजेंटों एवं ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए आरोपियों ने बांसवाड़ा के चेतक कॉम्पलेक्स में संचालित ब्रांच बंद कर दी। इसके बाद दाहोद ब्रांच को बंद किया और फरार हो गए।