बांसवाड़ा

​​​​​Rajasthan: राजस्थान में बीजेपी नेता ने की थी आत्महत्या, अब परिवार पर जानलेवा हमला, घर पर हुई पत्थरबाजी

बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र के नवाखेड़ा में भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन के परिवार पर पैतृक घर में सफाई के दौरान हमला होने का मामला सामने आया है। हमले में कई लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 min read
banswara news
हमले में घायल युवक। फोटो- पत्रिका

बांसवाड़ा। दानपुर थाना क्षेत्र के नवाखेड़ा में भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन की मौत के बाद उनके परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। दानपुर थानाधिकारी रमेशचंद ने बताया कि अर्जुन के परिवार वाले बांसवाड़ा रह रहे थे। अर्जुन की पत्नी पार्वती, पुत्री गार्गी, पुत्र तन्मय, अभिमन्यु और फूफा नरेंद्र अपने पैतृक घर की सफाई करने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान काका और बड़े पापा के लड़कों सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

यह वीडियो भी देखें

परिजनों ने आरोप लगाया कि बालूराम, बसंतीलाल, मांगीलाल, सरिता, संगीता समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर कई लोगों के हाथ-पांव तोड़ दिए। हमले के बाद आरोपियों ने करीब 45 मिनट तक घर पर पत्थरबाजी की, जिससे परिवार ने कमरे में बंद होकर जान बचाई। घायल अभिमन्यु ने आरोप लगाया कि काका-बाबा उसके पिता की संपत्ति हड़पना चाहते हैं और इसी कारण परिवार को वहां से भगाने के लिए हमला किया गया। दानपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीते माह की थी आत्महत्या

गौरतलब है कि बीते माह बांसवाड़ा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई थी। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री और वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह मईड़ा (47 वर्ष) ने पारिवारिक कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनका शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार, समर्थकों और पूरी भाजपा पार्टी में हड़कंप मच गया था। अर्जुन सिंह मईड़ा छोटी सरवन क्षेत्र के छायन बड़ी ग्राम पंचायत के रहने वाले थे। उनका शव क्षेत्र में ही एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया गया था। अर्जुन सिंह के बेटे ने इस संबंध में दानपुर थाने में मामला दर्ज करवाया था।

जमीनी स्तर के मजबूत नेता थे

छोटी सरवन के भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर ने बताया था कि अर्जुन सिंह मईड़ा पार्टी के एक बेहद सक्रिय और जमीनी स्तर के मजबूत नेता थे। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए थे और संघ के सिद्धांतों पर चलते हुए उन्होंने राजनीति में अपनी एक खास पहचान बनाई थी। इससे पहले वे छोटी सरवन के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा, उन्होंने छोटी सरवन से पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। पंचायत समिति सदस्य रहने के दौरान उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की क्षेत्र में आज भी काफी चर्चा होती है।

Published on:
23 Jun 2026 04:15 pm