
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका
सिरोही। सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भूजेला में हाईवे पर सोमवार कार की टक्कर से मोपेड सवार दो जनों की मौत हो गई और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब आबूरोड की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए गलत दिशा में जा घुसी और सामने से आ रही मोपेड से भिड़ गई। टकराने के बाद कार पलट गई।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस के अनुसार अमीरगढ़ निवासी वृद्ध मुसला अलीभाई (64) और मुसला सत्तारभाई सोमवार को काछोली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर अमीरगढ़ लौट रहे थे। दोपहर करीब 12.45 बजे भूजेला में हाईवे स्थित एक होटल के पास पहुंचते ही आबूरोड की ओर से आ रही एक कार अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर कूदते हुए दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रही मोपेड से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि मोपेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार भी पलट गई। हादसे में मुसला अलीभाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल सत्तारभाई को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। वहीं कार चालक खाटूश्यामजी निवासी सोहनलाल (38) पुत्र सुजाराम जाट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए स्वरूपगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर आगे रेफर किया गया।
सूचना मिलने पर रोहिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले सिरोही के स्वरूपगंज के थाना क्षेत्र के नितोडा रोड पर बारात से लौट रही एक कमांडर जीप पलट गई। इस हादसे में एक महिला सहित दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि चार व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन मौताणा के लिए धरने पर बैठ गए। इस हादसे में हादसे में डोली फली तरंगी निवासी साजकी पत्नी मीनाराम और पांवटा फली भारजा निवासी चिकाराम पुत्र मंछीराम की मौके पर ही मौत हो गई थी।
Updated on:
22 Jun 2026 07:54 pm
Published on:
22 Jun 2026 07:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
