बांसवाड़ा

सिद्धनाथ शिवालय और नवोदय विद्यालय का मुख्य रास्ता बदहाल

Rajasthan

सागवाड़ा. विधानसभा क्षेत्र सागवाड़ा के ठाकरड़ा गांव को राष्ट्रीय राजमार्ग 927 ए से जोडऩे वाली करीब 5 किलोमीटर लंबी संपर्क सडक़ पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। 2013 में निर्मित यह सडक़ अब जगह-जगह से उखडक़र गड्ढों में तब्दील हो गई है। सडक़ के किनारे डामर निकलकर गिट्टी बाहर आ गई है, जिससे वाहन चालकों को रोजाना दुर्घटना का भय सताता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सडक़ वर्ष 2013 में गांव को जोडऩे के लिए 3 मीटर चौड़ी बनाई गई थी। लेकिन पिछले 12-13 वर्षों में नियमित रखरखाव नहीं होने और टोल टैक्स से बचने के लिए भारी ट्रालों व डंपरों के लगातार चलने से सडक़ के दोनों किनारे टूट गए। अब यह सडक़ कई जगह 2.80 मीटर ही रह गई है और कुछ स्थानों पर इससे भी कम चौड़ी हो गई है। दो वाहनों के आमने-सामने आने पर निकलना मुश्किल हो गया है।

शिवालय और नवोदय के कारण भारी आवागमन

यह मार्ग सिर्फ ठाकरड़ा गांव का ही नहीं बल्कि क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग है। इस मार्ग पर वागड़ का प्रसिद्ध श्री सिद्धनाथ शिवालय और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ठाकरड़ा स्थित है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु, विद्यार्थी, शिक्षक, किसान और सरकारी कर्मचारी इसी सडक़ से आवागमन करते हैं।

पंचाल समाज के मकानों और यादव बस्ती के पास सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे और बरसात में कीचड़ जमा हो जाता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार मांग उठाई थी। अब सार्वजनिक निर्माण विभाग ने भी इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर जयपुर मुख्यालय भेजे हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियन्ता कीर्तेश पाटीदार ने बताया कि ठाकरड़ा गांव को जाने वाली 5 किमी लंबी सडक़ के चौड़ाईकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सडक़ की चौड़ाई 3 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर करने के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।

उन्होंने आगे बताया कि श्री सिद्धनाथ शिवालय के पास बरसात में आवागमन बाधित होता है, इसलिए वहां पुल निर्माण के लिए भी 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करवाकर ग्रामवासियों को राहत दिलाई जाएगी।

Updated on:
06 Aug 2026 06:02 am
Published on:
06 Aug 2026 06:02 am