
बांसवाड़ा. देश के विभिन्न राज्यों में रोजगार और प्रवासरत लोगों की गृहवापसी के बाद अंचल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। मंगलवार को डूंगरपुर में जहां संक्रमितों का आंकड़ा 200 पार हो गया है, वहीं बांसवाड़ा में जिले से भेजे गए नमूनों के नतीजों का दिनभर इंतजार रहा। डूंगरपुर में बांसवाड़ा जिले का एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। समीपवर्ती प्रतापगढ़ के दो पॉजिटिव के संपर्क में आए 13 लोगों को क्वॉरंटीन किया गया है। डूंगरपुर जिला अस्पताल से लिए गए नमूनों में बांसवाड़ा जिले के तेजपुर गांव का 37 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया है। इसकी जानकारी के बाद गांव में लोगों में हलचल बढ़ गई। युवक के बारे में देर रात सामने आया कि उसे आसपुर ब्लॉक के कोविड केयर सेंटर पर रखा था। वह डूंगरपुर में किसी विभाग में पदस्थ नहीं है। इससे संभावना जताई गई कि युवक प्रवासी है। आसपुर होते हुए बांसवाड़ा अपने गांव जा रहा था और उसे क्वॉरंटीन किया। इधर, युवक के पॉजिटिव आने के बाद दोनों जिले के उपखंड अधिकारी व सीएमएचओ स्तर पर बातचीत हुई। जानकारी के अनुसार युवक को बांसवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जाएगा।
नहीं मिली रिपोर्ट
बांसवाड़ा जिले से 17 और 18 मई को कुल 111 नमूने डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट मंगलवार देर शाम तक नहीं आई थी। इनमें 42 नमूने 17 तथा 69 नमूने 18 मई के थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. हीरालाल ताबियार ने बताया कि 42 नमूनों की देर रात तक रिपोर्ट आ सकती है। वहीं डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज से अवगत कराया है कि 18 मई को भेजे नमूने उदयपुर आरएनटी मेडिकल कॉलेज भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट बुधवार या गुरुवार तक मिलने की संभावना है। एमजी अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डा. नंदलाल चरपोटा ने बताया कि मंगलवार को शहर की सूर्यानंद नगर, डांगपाड़ा और मोरड़ी स्थित एक मिल से लिए नमूनों को जांच के लिए भेजा है।
इधर बढ़ी भागदौड़, 13 लोग क्वॉरंटीन
समाीपवर्ती प्रतापगढ़ के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थड़ा के प्रभारी की ओर से दो पॉजिटिव युवकों के संपर्क में आए लोगों की सूची मिलने के बाद जिले के तीन ब्लॉक में चिकित्साकर्मियों की भागदौड़ बढ़ गई। पॉजिटिव युवकों के संपर्क में घाटोल, परतापुर और बांसवाड़ा ब्लॉक के वीड़ापाड़ा कुवानिया, गनोड़ा, लोहारिया, चिडिय़ावासा, गढ़ी, परतापुर, बोरी, सामागढ़ा, चौपासाग, पड़ौली राठौड़, आकाशवाणी के कुल 13 लोगों के आने की सूचना पर बीसीएमओ के माध्यम से सभी को देर क्वॉरंटीन किया गया।