
बांसवाड़ा/घाटोल. जिले के पाड़ला में गत रविवार शाम आए आंधी के दौरान सैकड़ों पेड़ों व घरों में नुकसान एवं दर्जनों बिजली के खम्भे टूटने के बाद अभी तक हालात नहीं सुधरे हैं। आंधी के दूसरे दिन विधायक समेत प्रशासनिक अधिकारियों की औपचारिक खेर-खबर के बाद किसी ने अभी तक सुध नहीं ली। पत्रिका टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र के हालात देखे तो लोगो ने अपना दर्द बयां किया। उनके अनुसार बंवडर के दौरानकई मवेशी भी चपेट में आने से काल का ग्रास बने थे। हजारों पेड़ गिर गए थे।
दूसरे दिन विधायक, प्रधान, उपखण्ड अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीतने बाद भी स्थिति जस की तस है। टीम के पहुंचते ही मानो कोई उनका दर्द सुनने आया हो। खेतों में जगह-जगह पेड़ पड़े हुए हैं। घरों से उड़े कवेलू, टीनशैड का दर्द अभी मिटा नहीं। खेतों में बुवाई का समय है। सरकार की ओर से खाद्य-बीज मिला नहीं। लोगों ने उधारी से खाद्य-बीज लाकर बुबाई की थी। सैकड़ों घरों पर छत नहीं है। ग्रामीण छत डालने की व्यवस्था करे या फिर खेती के लिए बीज की। गंाव के हालात देखने से ऐसा लगता है जैसे आज ही बंवडर आया हो।
पेयजल को तरसे
पाड़ला, मियासा ग्राम पंचायत में बिजली सुचारु नहीं होने से पीने के लिए लोग पानी को तरस रहे हैं, तो मोबाइल बंद पड़े है। गांव की महिलाओं ने बताया कि गांव में बिजली नहीं होने से आटा पिसाने के लिए 10 किसी दूर खमेरा, पीपलखूंट जाना पड़ रहा हैै। बिजली के अभाव में शाम को खान बनाने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।