बांसवाड़ा

Banswara Weather Alert : मौसम विज्ञानियों की भविष्यवाणी, बांसवाड़ा में 3 जून तक चलेगी ठण्डी हवाएं, 50 KMPH रहेगी गति

Banswara Weather Alert : मौसम विज्ञानियों के अनुसार बांसवाड़ा में 3 जून तक ठण्डी हवाएं चलेगी। इनकी रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा रहेगी। वहीं, बारिश के आसार भी बने हुए हैं।
2 min read
meteorologists forecasts Banswara cold winds till 3 june 40-50 kmph speeds wind IMD
बांसवाड़ा, शहर में रविवार दोपहर में छाए छितराए हुए बादल। फोटो पत्रिका

Banswara Weather Alert : बांसवाड़ा जिले की जनता के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कई दिनों से हीटवेव के बाद अब अगले 7 दिन राहत भरे रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद बांसवाड़ा में शनिवार तड़के और रात्रि में हुई बारिश ने पारा 5 डिग्री तक गिर गया है और ठण्डी हवाएं लगातार जारी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 3 जून तक ठण्डी हवाएं चलेगी और इनकी रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा रहेगी। वहीं, बारिश के आसार भी बने हुए हैं।

12 मिमी बरसा पानी

शनिवार मध्य रात्रि बाद हल्की तेज हवाओं के साथ ही बिजली कड़कने लगी। करीब आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। इसके बाद हवाएं थम गई। पर, बारिश रुक-रुक कर 2 बजे तक हुई। बूंदाबांदी होने से मौसम ठण्डा हो गया है। स्थितियां ये रही कि रविवार को हल्की तेज धूप खिलने के बावजूद लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। पंखे एवं कूलरों की हवाएं लोगों को एसी का अहसास कराती दिखी। बांसवाड़ा शहर में गत 24 घंटों के दरम्यान 12 मिमी बारिश दर्ज की।

देसी आम के दाम घटे

दो दिन चली तेज हवाओं से देसी कच्चे एवं पके आम पेड़ों से झर गए। रविवार को शहर के जिला अस्पताल, मोहन कॉलोनी मार्ग, कुशलबाग मैदान, कॉमर्शियल कॉलोनी, कॉलेज लिंक रोड, प्रताप सर्कल आदि पर बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से काश्तकार टोपलों में लेकर पहुंचे। लोगों ने आम का आचार बनाने के लिए कच्चे आम खरीदे। दो दिन पूर्व देसी पके आम 100 से 150 रुपए प्रति किलो मिल रहे थे। पर, रविवार को 80 से 120 रुपए प्रति किलो बिके।

रात को 8.9 डिग्री तक पारा गिरा

मौसम केन्द्र के अनुसार, बीते 2 दिन से अंधड़-बारिश के बाद राजस्थान के शहरों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगभग सभी शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट हुई। वहीं, रात के तापमान में सबसे अधिक गिरावट अजमेर में 8.9 डिग्री तक हुई। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 और रात का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।

देर रात्रि आकाशीय बिजली चमकने का जबरदस्त नजारा। फोटो पत्रिका

बांसवाड़ा मौसम : आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस

बांसवाड़ा का मौसम आज सोमवार 1 जून को बेहद सुहावना है। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। सुबह 10 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज बांसवाड़ा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बांसवाड़ा में आज बारिश होने की संभावना है।

Updated on:
01 Jun 2026 09:48 am
Published on:
01 Jun 2026 09:46 am