
चेतन द्विवेदी. बांसवाड़ा. महिला अत्याचार को लेकर चहुंओर हाय तौबा और महिलाओं से संबंधित अपराध बिना देरी दर्ज करने की अनिवार्यता के बीच आंकड़ों का सच दूसरी तस्वीर भी पेश कर रहा है। जिले के थानों में जितने प्रकरण दर्ज हुए हैं उसमें से आधे जांच के बाद झूठे साबित हुए हैं और इससे महिला सुऱक्षा कानून के दुरुपयोग की भी बू आ रही है। पिछले तीन साल के आंकड़ों पर गौर करें तो हर साल दर्ज प्रकरणों में से आधे ही चालान की स्टेज पर पहुंच पाए जबकि शेष प्रकरण दम तोड़ गए। पुलिस महिला अत्याचार के मामलों में बिना देरी किए प्रकरण दर्ज करने की अनिवार्यता की पालना कर रही है लेकिन झूठे प्रकरणों की बाढ़ से महिला सुरक्षा की नेक भावना पर आंच भी आ रही है। हालांकि गत तीन साल में दर्ज प्रकरणों की संख्या घटी है लेकिन इस वर्ष दर्ज प्रकरणों का नया रिकार्ड बनने के आसार बन गए है।
प्रकरणों की बाढ़ आई
यह हकीकत है कि महिला अत्याचार से संबंधित प्रकरणों को तत्काल प्रभाव से दर्ज करने की अनिवार्यता हुई है तब से यहां हर थानेे में प्रकरणों की संख्या में भारी इजाफा हो गया है। वर्ष 2019 मई तक पांच महीनों के दरम्यान जिले में कुल 380 प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 127 प्रकरणों में पुलिस चालान पेश कर चुकी है, जबकि 75 प्रकरण झूठे निकल चुके हैं। वहीं 178 प्रकरणों में अभी पुलिस का अनुसंधान जारी है।
दस दिनों में हो गए 30 से अधिक प्रकरण दर्ज
जून के अभी दस दिन गुजरे और जिलेभर के थाने में अब तक करीब 30 से अधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इनमें दहेज प्रताडऩा से लेकर बलात्कार, छेड़छाड़, पोक्सो, जबरन भगा ले जाने से लेकर अन्य कई मामले शामिल हैं।