बांसवाड़ा

राजस्थान का रण : प्रधानमंत्री मोदी आज माही व मावजी की धरा पर, निगाह वागड़-मेवाड़ की 28 सीटों पर

www.patrika.com/banswara-news
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2018, 11:39 AM IST
banswara
राजस्थान का रण : प्रधानमंत्री मोदी आज माही व मावजी की धरा पर, निगाह वागड़-मेवाड़ की 28 सीटों पर

बांसवाड़ा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वागड़ प्रयाग के नाम से विख्यात बेणेश्वर धाम पर राजस्थान विधानसभा चुनाव के अन्तर्गत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी चुनावी सभा के माध्यम से वागड़-मेवाड़ की 28 विधानसभा सीटों के मतदाताओं को साधेंगे। विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी प्रधानमंत्री की प्रदेश के दक्षिणांचल में हो रही इस सभा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अंचल में बेणेश्वर राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश और उत्तरी गुजरात के आदिवासियों की आस्था का प्रमुख धाम है और विधानसभा चुनाव की सभा के बहाने वे 2019 मेें लोकसभा चुनाव पर तीनों राज्यों के मतदाताओं का मानस टटोलने का प्रयास भी करेंगे।

संभाग का केंद्र बिन्दु है बेणेश्वर धाम
प्रधानमंत्री की बेणेश्वर में हो रही सभा के तीन कारण माने जा रहे हैं। एक यह कि वागड़ के बांसवाड़ा-डूंगरपुर जिले की सीमा पर बेणेश्वर धाम उदयपुर संभाग का केंद्र बिन्दु कहा जाता है। यहां से वागड़ के अलावा उदयपुर और प्रतापगढ़ भी नजदीक हैं। दूसरा बेणेश्वर में सभा से प्रदेश में सरकार बनाने में अहम मानी जाने वाली मेवाड़-वागड़ की 28 सीटों के वोटरों पर फोकस भी है। साथ ही इस बार के चुनाव में विशेष रूप से बांसवाड़ा जिले से तीन और डूंगरपुर से दो विधायकों के टिकट काटने और चार बागियों के चुनाव मैदान में उतरने के बाद प्रधानमंत्री की यह सभा ‘डेमेज कंट्रोल’ की दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है।

राजस्थान का रण : वागड़ में चुनावी सभाओं में राजे ने सुनाई विकास पुराण, गहलोत ने छोड़े शब्द बाण

दोनों दलों की नजरें
बेणेश्वर धाम राजनीतिक दृष्टि से भी दोनों प्रमुख पार्टियों का केंद्र बिन्दु रहा है। पिछले दस वर्षों में मोदी की जहां यहां दो सभाएं हो चुकी हैं एवं आज होने वाली तीसरी सभा होगी। दूसरी ओर कांग्रेस ने 2008 के विधानसभा चुनाव में यहां सभा की थी, जिसे यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने संबोधित किया था। बेणेश्वर के अतिरिक्त दोनों दलों के आला नेताओं की वागड़ पर विशेष नजरें रही हैं।

तीन सवाल: जिनके जनता मांग रही जवाब
नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में वागड़ की धरा पर आ रहे हैं। हालांकि वे चुनावी सभा के लिए आ रहे हैं, इसके उपरांत भी जनता की अपेक्षाएं उनसे बंधी हैं। ऐसे तीन मसले है, जो सीधे उदयपुर संभाग की जनता से जुड़े हैं और इनके जवाब का इंतजार भी है।

1. क्यों बंद हुई हमारी रेल?
आजादी के बाद से रेल का इंतजार कर रहे लोगों की उम्मीदें कुछ परवान तो चढ़ी, लेकिन पटरी पर आने के पहले ही इसकी चेन खिंच गई। दो राज्यों के तीन जिलों से जुड़ी रतलाम से डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा रेल परियोजना की 2011-12 में शुरुआत तो हुई, लेकिन इसके बाद बरती गई उदासीनता के चलते परियोजना पर ग्रहण लग गया है। परियोजना को पटरी पर लाने के प्रयास भी हुए, लेकिन परिणाम कुछ नहीं निकला। अब यह परियोजना ठप पड़ी है।

2. कब मिलेगी हाईकोर्ट बैंच
उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना को लेकर पिछले कई वर्षों से मांग की जा रही है, लेकिन यह अब तक पूरी नहीं हुई है। हाईकोर्ट बैंच स्थापना के लिए संघर्ष समिति भी बनी। न्यायिक कार्यों के बहिष्कार से लेकर रैली, धरना जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए गए हैं। समिति के अनुसार हाईकोर्ट बैंच से अंचल के गरीब लोगों का समय और धन की बचत होगी और जल्द न्याय सुलभ होगा।

3. कब होगी समझौते की पालना?
बांसवाड़ा को सरसब्ज करने वाली माही परियोजना पर समझौते की फांस लगी हुई है। राजस्थान को उसके हक का पानी नहीं मिल पा रहा है। माही बांध बनाने के समय राजस्थान और गुजरात के बीच 1966 में द्विपक्षीय समझौता हुआ था। इसमें यह तय किया था कि नर्मदा का पानी गुजरात के खेड़ा पहुंच जाएगा तो गुजरात राजस्थान के माही बांध का पानी उपयोग में नहीं लेगा। पानी खेड़ा पहुंच चुका है, इसके बावजूद गुजरात ने माही के पानी पर अपना हक बरकरार रखा है। इससे समझौते की पालना नहीं हो रही है।

मोदी पहले दो बार आए बेणेश्वर और ये बोले
पिछले विधानसभा चुनाव से पहले मोदी की 24 नवंबर 2013 को कुशलबाग मैदान बांसवाड़ा विधानसभा चुनावी सभा हुई। 33 मिनट 59 सैकंड के भाषण में वागड़ को गुजरात से जोड़ते हुए वे बोले थे कि वागड़ के पसीने से गुजरात महकता है। उन्होंने बेणेश्वर, संत मावजी महाराज आदि का भी जिक्र किया था। साथ ही चिरपरिचित अंदाज में विपक्ष निशाने पर रहा था। इसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले 12 अप्रेल 2014 को बेणेश्वर धाम पर मोदी की चुनावी सभा हुई। इसमें उन्होंने 19 मिनट भाषण दिया था। 12 मिनट तक गरीबी पर बोले थे एवं विपक्ष पर प्रहार किया था। मावजी महाराज के चौपड़े की भविष्यवाणियों का भी उल्लेख किया था।

Published on:
Also Read
View All
बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग: जूनियर्स को ‘आश्रम’ में बुलाकर गाली-गलौज, आपत्तिजनक हरकतें और अशोभनीय नृत्य करवाने का आरोप

बांसवाड़ा: पटाखे की चिंगारी से दो घरों में लगी आग, रातोंरात जलकर खाक हुआ लाखों का सामान; सिलेंडर ब्लास्ट से मची हाहाकार

बांसवाड़ा: शराब के नशे में पिता ने नहीं बख्शे अपने ही दो मासूम बच्चे, 3 साल के बेटे की मौत; मां ने करवाया हत्या का मामला दर्ज

Rajasthan: कहीं 30 तो कहीं 25 साल पुराना सियासी दबदबा टूटा, सरपंच चुनाव में कांग्रेस नेता मालवीया के 2 करीबी परिवार को मिली हार

Rajasthan : साइकिल पर 232 दिन, 17,250 किमी का सफर, 11 नवंबर को लौटेंगे घर, जानिए कौन हैं सचिन कलाल?