बांसवाड़ा

Rajasthan Election: राहुल गांधी की मानगढ़ रैली के पीछे है कांग्रेस की बड़ी रणनीति

Rajasthan Politics: कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को राजस्थान में बांसवाड़ा जिले में प्रसिद्ध मानगढ़ धाम में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की सभा में भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 8 Aug 2023, 5:44 PM IST
rajasthan_patrika_photo_.jpg

Rajasthan Politics: कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को राजस्थान में बांसवाड़ा जिले में प्रसिद्ध मानगढ़ धाम में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की सभा में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। कांग्रेस की यह चुनाव के मद्देनजर पहली बड़ी सभा होगी। राहुल गांधी यह जनसभा पार्टी के लिए बेहद खास है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद पहली बार राहुल गांधी राजस्थान में किसी रैली को सम्बोधित करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के चलते यह रैली कांग्रेस की खास रणनीति का हिस्सा है।

जनसभा की तैयारियां और इसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों के भाग लेने को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के अन्य कई नेता मानगढ़ पहुंच गए हैं और उन्होंने राहुल गांधी की सभा की तैयारियों एवं सभास्थल का जायजा लिया गया। बताया जा रहा है कि सभा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

इससे पहले सोमवार को रंधावा, निजामुद्दीन और डोटासरा ने डूंगरपुर में कांग्रेस के लोगों की बैठक ली और राहुल गांधी की सभा को सफल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया गया। डोटासरा के अनुसार विश्व आदिवासी दिवस नौ अगस्त पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है। इसका मुख्य समारोह मानगढ़ धाम पर होगा, जिसमें राहुल गांधी सम्मिलित होंगे।

डोटासरा पहले ही दावा कर चुके है कि राहुल गांधी की सभा में मोदी की राजस्थान की सभाओं के मुकाबले कई ज्यादा लोग पहुंचेंगे। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की इन जनसभाओं के कारण अब चुनावी माहौल धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगा है। सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्ष भाजपा दोनों ही दलों के नेता चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं और उनके शीर्ष नेताओं के राजस्थान दौरे भी शुरू हो गए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गत 8 जुलाई को बीकानेर दौरे के बाद अब राहुल गांधी मानगढ़ धाम आ रहे हैं। इससे पहले गत 1 नवम्बर को मानगढ़ धाम में पीएम मोदी जनसभा कर चुके हैं। राजस्थान में बांसवाड़ा, डूंगरपुर सहित आदिवासी क्षेत्रों में इन दोनों ही प्रमुख दलों की नजर है और ये दल चुनाव में आदिवासियों को अपने पक्ष में रखने के लिए आदिवासियों के तीर्थस्थल मानगढ़ को चुना है। गत विधानसभा चुनाव में डूंगरपुर जिले में भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो विधानसभा क्षेत्रों जीत दर्ज करने के बाद इस बार कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों को लगने लगा है कि बीटीपी का दायरा बढ़ा तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा।

आदिवासी बहुल उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जिलों में 18 विधानसभा सीटों में 8 सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जबकि कांग्रेस के पास सात एवं बीटीपी के पास दो तथा एक सीट पर निर्दलीय विधायक है। कांग्रेस के परंपरागत रहे इस वोट बैंक को भाजपा अपनी और करने के लिए पिछले कई दिनों से लगातार प्रयास कर रही वहीं अब कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है और मानगढ़ धाम पर राहुल गांधी की सभा होने वाली है।

Published on: