Video- बोला हत्यारा : प्रेमिका के नहीं आने पर दूसरी लड़की से किया दुष्कर्म, शव छिपाने के लिए घसीटा था खेत में

बांसवाड़ा के सियापुर में बालिका की हत्या का राजफाश,आरोपित गिरफ्तार, हाल ही में खेत में मिला था किशोरी का शव, गिरफ्तारी के बाद हत्यारे से स्वीकारा जुर्म

2 min read
Feb 08, 2017
Banswara : Killed Girl after rape

जिले के ठीकरिया गांव के पास खेत में मिले किशोरी के शव का राज फाश हो चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने बताया कि उसने कैसे किशोरी से दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। इस घटनाक्रम ने सुनने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।


दरअसल, सदर थाना क्षेत्र के सियापुर गांव के खेतों में विगत दिनों एक किशोरी की अद्र्धनग्न हालत में मिली लाश के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस ने सियापुर गांव के ही एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद गलाघोंट कर हत्या कर दी थी।


गत दो फरवरी को सियापुर-पलोदरा मार्ग पर नहर के समीप खेतों में एक किशोरी की अद्र्धनग्न लाश मिलने की इत्तला मिली थी। मौके पर पुलिस को हलिया चरपोटा निवासी सियापुर ने रिपोर्ट दी कि उसकी 13 वर्षीया बहन एक फरवरी की शाम साढ़े पांच बजे मौसी के घर जाने का कहकर निकली।

सुबह वापस नहीं लौटने पर मौसी के यहां पूछा तो उन्होंने बहन के वहां नहीं पहुंचने की जानकारी दी। अपराह्न बाद सूचना मिली कि खेतों में घास काटने गई टाड़ीमहूड़ी निवासी दो लड़कियों ने एक खेत में लाश देखी है। मौके पर जाकर देखा तो वह उसकी बहन थी। गले में चुन्नी का फंदा था और आसपास घसीटने के भी निशान हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।

धमकी दी, नहीं मानी तो गला दबा दिया

पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि आरोपित प्रकाश पुत्र केरेंग डामोर मृतका के घर के समीप रहता है। पूछताछ में बताया कि प्रकाश की एक प्रेमिका है। उसने प्रेमिका को शाम को बुलाया था, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। उसी दिन शाम को प्रकाश को किशोरी मिली।

वह उसके फुसला कर एक खेत में ले गया और दुष्कर्म किया। आरोपित ने दुष्कर्म की बात किसी से नहीं कहने के लिए धमकाया तो किशोरी ने अपने माता-पिता को बताने को कहा। इस पर प्रकाश ने किशोरी का गला घोंट उसकी हत्या कर दी।

लाश नहर में फेंकने की थी मंशा


पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपित की मंशा समीप से गुजर रही नहर में लाश फेंंकने की थी। वह लाश को घसीटकर नहर के समीप तक ले गया। नहर में पानी बंद होने से उसने लाश समीप ही भूपेश पाटीदार के खेतों में ले जाकर पटक दी। इसके बाद आरोपित गांव लौटा और सामान्य रूप से रहने लगा।

सतत संपर्क से मिली सफलता

शर्मा ने बताया कि घटना के बाद एएसीपी गणपति महावर, उपाधीक्षक विक्रमसिंह के निर्देशन और सदर थानाधिकारी बाबूलाल रेगर के नेतृत्व मेें एक टीम गठित की। टीम ने खेत मालिक सहित कई लोगों से पूछताछ की। मृतका के आरोपित के साथ पूर्व में संबंधों की भी जानकारी मिलने पर प्रकाश की गतिविधियों पर नजर रखी। वहीं मृतका के साथ अंतिम बार जिन बालिकाओं को देखा था, उनसे सतत संपर्क कर जानकारी ली। इसी आधार पर प्रकाश को गिरफ्तार किया, जिसने सख्त पूछताछ के बाद अपराध स्वीकार कर लिया।

यह थे टीम में शामिल


अनुसंधान टीम में उप निरीक्षक नरेंद्र पाटीदार, गोकुलराम, एएसआई भंवरसिंह, हेडकांस्टेबल विवेकभानसिंह, कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, केशवलाल, प्रवीणसिंह आदि शामिल थे। एसपी ने बताया कि कांस्टेबल राजेंद्र कुमार को उचित पुरस्कार दिया जाएगा। मृतक किशोरी के परिजनों को पीडि़त प्रतिकर स्कीम के तहत राहत दिलाने की अनुशंसा की जाएगी।

Published on:
08 Feb 2017 06:45 pm
Also Read
View All