
बाराबंकी. देशभर में 71वें गणतंत्र दिवस की धूम रही। इसी क्रम में पूरा बाराबंकी जिला भी गणतंत्र दिवस के इस पर्व का गवाह बना। पुलिस लाइन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाराबंकी के जिलाधिकारी डॉ आदर्श सिंह ने ध्वजारोहण किया। जिसके बाद पुलिस के जवानों ने परेड का आयोजन किया। जिसकी सलामी डीएम ने ली। इसके साथ ही .303 रायफल को पुलिस विभाग ने भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर जिलेभर के आलाधिकारी भी मौजूद रहे।
बेसिक शिक्षा विभाग की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
इस परेड में महिला, नागरिक पुलिस, पीएसी और होमगार्ड की कई टोलियां शामिल रहीं। इसके साथ ही मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों का दस्ता, डॉयल 100 का दस्ता, दमकल दस्ता, बज्र वाहन दस्ता और रेडियो वाहन भी इस परेड की शान बने। इस मौके पर बेसिक शिक्षा विभाग की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया और पुलिस विभाग में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
.303 रायफल की विदाई
वहीं पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी ने कहा कि आज के दिन हम सभी गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जिले के नागरिकों को उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त करते हैं। अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि आज .303 रायफल को पुलिस विभाग ने विदाई दी है। उसकी जगह पर पुलिस विभाग अब रायफल के नए वर्जन का इस्तेाल करेगा। एसपी ने बताया कि पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्यों के लिये पुलिस महानिदेशक की तरफ से गोल्ड मेडल दिया गया है।