बाराबंकी बस अड्डा से अब दिल्ली से लेकर नेपाल बार्डर तक मिलेंगी सीधी बसें...
बाराबंकी . कई सालों से जिस बस स्टेशन के शुरू होने का बाराबंकी वासियों को इंतजार था उनके लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर के बाहर लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बने इंटर स्टेट बस स्टेशन पर बसों का संचालन आज से शुरू हो गया। बस स्टेशन का शुभारंभ आरएम लखनऊ टीके बोस और जिले के एआरएम आरएस वर्मा ने किया। इस नए बस स्टेशन से दिल्ली से लेकर नेपाल बार्डर, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा, बस्ती, कानपुर, झांसी, प्रयागराज समेत सभी जगहों के लिए यात्रियों को सीधी बस मिलेंगी।
वर्कशाप के साथ डीजल टैंक की भी व्यवस्था
इस बस अड्डे को बनाने में करीब चौदह करोड़ रुपए का खर्च आया है। जहां वर्कशाप के साथ डीजल टैंक की भी व्यवस्था की गई है। हालांकि कर्मचारियों की कमी होने के चलते बस स्टेशन में अभी अनुबंधित डिपो के कर्मचारी ही काम संभालेंगे। शुरुआत में इस नए बस स्टेशन में सुबह छह बजे से रात दस बजे तक ही कर्मचारियों की मौजूदगी में काम होगा लेकिन पूरी तरह से बस स्टेशन बनने और कर्मचारियों की तैनाती के बाद यहां 24 घंटे सेवा रहेगी। इसी के चलते बसों का संचालन भी सुबह छह बजे से रात दस बजे तक ही हो सकेगा।
रुकेंगी सारे रूट की बसें
वहीं इस मौके पर आरएम लखनऊ टीके बोस ने बताया कि बाराबंकी के इस नए हाईटेक बस अड्डे पर लंबी दूरी की सभी बसें रुकेंगी, साथ ही जिले में भी रामनगर और सफदरगंज रूटों पर चलने वाली बसों का भी ठहराव होगा। टीके बोस ने बताया कि बस अड्डे के सारे काम लगभग पूरे हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बस अड्डे के बनने से यात्रियों काफी सहूलियतें मिलेंगी। टीके बोस के मुताबिक बसों को बस अड्डे तक लाने के लिए यातायात निरीक्षक तैनात किए गए हैं, जो चेक करेंगे कि बसें यहां आ रही हैं या नहीं।