बाराबंकी

ननद को दहेज देना भाभी को लगा नागवार, बुलाने पर पहुंचे भाइयों ने बहनोई की पीटकर की हत्या

बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बहन की शादी में सहयोग करने से नाराज पत्नी ने मायके से अपने भाई को बुला लिया। इसके बाद शादी के लिए बनाए जा रहे मंडप स्थल पर ही ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक की पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, साले समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

2 min read
Apr 24, 2024

जिले में एक भाई की बहन की शादी के मंडप में हत्या कर दी गई। भाई अपनी बहन को दहेज में कुछ समान देना चाहता था, इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। पत्नी ने मायके से अपने भाइयों को बुलाया, जिससे विवाद और बढ़ गया।पत्नी के भाइयों ने मंडप ही में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद पुलिस ने पत्नी और साले समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पूरा मामला बड्डूपुर थाना के सहरी मजरे झरसावा गांव का है। यहां के रहने वाले चंद्र प्रकाश मिश्र की बहन पूजा की शादी 26 अप्रैल को होनी है। शादी की तैयारियों में चंद्र प्रकाश लगा हुआ था।घरवालों के साथ शादी के सामान की खरीदारी कर रहा था। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। मंगलवार से शादी की रस्में भी शुरू हो गई थीं। रिश्तेदार आना भी शुरू हो गए थे।

चंद्र प्रकाश बहन को LED TV और बहनोई को सोने की अंगूठी देना चाहता था। इसका उसकी पत्नी क्षमा विरोध कर रही थी। इस बात को लेकर कुछ दिनों से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था।

मंगलवार शाम को घर में मंडप कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान भी चंद्र प्रकाश ने बहन को टीवी और अंगूठी देने की बात दोहराई। इस बात पर पत्नी भड़क गई और उसने मायके से भाइयों को बुला लिया।

थोड़ी देर बाद क्षमा का भाई 5-6 दोस्तों के साथ चंद्र प्रकाश के घर पहुंचा। कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवाज सुनकर हम लोग पहुंच गए। दोनों को समझाना शुरू किया। इसी बीच चंद्र प्रकाश के घरवालों ने कहा- यह हमारे घर का मामला है। इसमें किसी और हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्षमा इस बात पर और गुस्सा हो गई। चंद्र प्रकाश को पीटने की धमकी देने लगी। यह सुनकर चंद्र प्रकाश ने भड़क गया। इसी बीच क्षमा के भाई उसे लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। मंडप में ही उसको बुरी तरह से पीटा। चंद्र प्रकाश बेहोश हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आ गई।

घरवालों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो चंद्र प्रकाश बेहोशी की हालत में पड़ा था। पुलिस उसे CHC घूंघटेर लेकर गई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

परिवार ने बताया- चंद्र प्रकाश और क्षमा का 1 साल का बेटा गोपाल भी है। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी में अनबन चल रही थी। रोजाना दोनों में विवाद होता था। बहन की शादी तय की थी, तब से ज्यादा ही विवाद हो रहा था।वह अपनी बहन को सामान देना चाहता था। पत्नी इसका विरोध करती थी।

वह अक्सर पति को परिवार से अलग रहने के लिए धमकाया करती थी। मगर चंद्र प्रकाश परिवार को छोड़कर अलग नहीं रहना चाहता था। वह कहता था कि मैं घर का बड़ा हूं। अगर बहन की जिम्मेदारी नहीं निभाऊंगा, तो कौन करेगा?

CO फतेहपुर डॉ. बीनू सिंह ने बताया- चंद्र प्रकाश की पत्नी क्षमा अपनी ननद की शादी में LED टीवी, अंगूठी देने का विरोध कर रही थी। इसी को लेकर विवाद हुआ और युवक की जान चली गई।

मृतक के साले और पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
24 Apr 2024 10:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर