बाइक चलाते समय गर्मी की टेंशन खत्म, बीटेक छात्र ने बनाई एयरकंडीशंड जैकेट, मिलेगी सेफ्टी और पूरा कंफर्ट
बाराबंकी. इंजीनियरिंग कॉलेज के एक होनहार स्टूडेंट ने ऐसा आविष्कार किया है जो इनकी प्रतिभा का बखान करने के लिए काफी है। इंजीनियरिंग के इस स्टूडेंट ने एक जैकेट बनाई है। जिसको पहनने के बाद न तो आपको गर्मी का एहसास होगा और न ही पसीना आपको परेशान करेगा। श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में पढ़ने वाले 21 साल के कुलदीप वर्मा ने इस जैकेट में एक कूलिंग सिस्टम लगाया है जो आपके कंफर्ट के साथ-साथ सेफ्टी का भी पूरा ख्याल रखेगा।
आपने ये तो सुना होगा कि आज के दौर में युवा अपना करियर बनाने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं और लाखों रुपए खर्च कर अच्छी से अच्छी एजुकेशन ले रहे हैं। वे अपना बेहतर भविष्य बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करते हैं। ये कहानी भी एक ऐसे ही एक युवा की है, जिसने अपनी पढ़ाई के दौरान ही ऐसा कमाल कर दिखाया है जिसपर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है। अगर कोई आपसे कहे कि आपको बाइक राइडिंग करते समय एयरकंडीशन का भी मजा मिलेगा तो आप थोड़ी देर के लिए ही सही लेकिन सोच में जरूर पड़ जाएंगे।
आपके मन में सवाल खड़े होने लगेंगे कि क्या वाकई में ऐसा हो सकता है। आपका ऐसा सोचना लाजमी भी है। क्योंकि अभी तक आपने सिर्फ बड़ी गाड़ियों में ही एयर कंडीशन का मजा लिया है। लेकिन श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट से बीटेक कर रहे छात्र कुलदीप वर्मा ने एक ऐसी जैकेट बनाई है जो आपकी बाइक से कनेक्ट होकर आपको भयंकर गर्मी में ठंडक का एहसास कराएगी।
बीटेक स्टूडेंट कुलदीप वर्मा से जब इस जैकेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मैंने एक एयरकंडीशनिंग सिस्टम को बाइक में लगाया है। कुलदीप ने बताया कि इस जैकेट में आपको कंफर्ट और सेफ्टी दोनों का फायदा मिलेगा। क्योंकि जब आप भयंकर गर्मी में इस जैकेट को पहनकर निकलेंगे तो आपको कूलिंग मिलेगी और अगर आप बाइक चलाते समय किसी हादसे का शिकार हो जाते हैं तो मल्टीलेयर जैकेट होने के चलते आपको चोट लगने का खतरा कम रहता है। कुलदीप ने बताया कि अगर आप जैकेट पहनकर दस मिनट तक बाइक चलाएंगे तो आपको 10 डिग्री तक कूलिंग मिलने लगेगी।
कुलदीप ने अपने इस इन्वेंशन के बारे में आगे बात करते हुए बताया कि हम लोग इस समय टेक्नॉलजी के युग में हैं जहां पर हर चीज में ह्यूमन कंफर्ट और सेफ्टी देखी जा रही है। इसलिए मैंने सोचा कि बाइक से चलने वालों के लिए कंफर्ट और सेफ्टी दोनों ही कम है। बड़ी गाड़ियों में तो एसी और एयरबैग जैसी तमाम सहूलियतें दी जाती हैं जिससे उसमें रिस्क कम रहता है लेकिन बाइक में ऐसा कुछ नहीं होता। कुलदीप ने बताया कि उन्हें इस जैकेट को बनाने में आठ महीने का समय लगा है और लगभग 15 हजार रुपए का खर्च आया है।
कुलदीप ने इस जैकेट की और भी कई खूबियों को गिनाते हुए बकाया कि मेरे कॉलेज वालों ने मेरे इस इनवेंशन को काफी सराहा है। अब मैं अपना ये आइडिया किसी बड़ी कंपनी को दिखाउंगा जिससे मैं इस जैकेट को कमर्शियलाइज करा सकूं। कुलदीप ने बताया कि अभी तक इससे मिलते-जुलते कई इनवेंशन हो चुके हैं लेकिन मेरा कान्सेप्ट बिल्कुल अलग है। बाकी लोगों ने केवल एयर वंटिलेशन पर ध्यान दिया है लेकिन मैंने इस जैकेट में लगे एयरकंडीशनिंग सिस्टम को बाइक के इंजन से अटैच किया है, जहां से इसे पॉवर मिलती है।
कुलदीप ने बताया कि मेरे पास आइडिया था जिसपर काम करना शुरू किया और काफी मेहनत के बाद मुझे अब इसमें सफलता मिली है। आपको बता दें कि कुलदीप के पिताजी अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में कुलदीप ने ये साबित कर दिया है कि प्रतिभाएं किसी चीज की मोहताज नहीं होती है। कुलदीप का कुछ नया करने का जुनून ने ही आज उसे अपने मकसद में कामयाब बनाया है और चारों तरफ उसके इस इंवेंशन की चर्चा हो रही है।