बाराबंकी

बेखौफ अपराधी : बस रुकवाकर व्यापारी को गोलियों से भूना, फिल्मी स्टाइल में दिया वारदात को अंजाम

बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में दो हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में ज्वैलर्स की हत्या कर दी...

2 min read
barabanki

बाराबंकी. ऐसा लग रहा है कि बाराबंकी पुलिस के नए मुखिया से जिले की कानून-व्यवस्था संभल नहीं रही है। तभी तो बदमाश बेखौफ होकर आए दिन कोई न कोई आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में जिले में आज एक ऐसी ही वारदात से उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियार बंद दो बदमाशों ने खुलेआम फिल्मी स्टाइल में ज्वैलरी व्यापारी की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी।

मामला बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र का है। जहां दो हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी ही फिल्मी स्टाइल में एक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने जिले की पुलिस के तमाम दावों को खोखला साबित करते हुए एक ज्वैलरी व्यापारी अमित रस्तोगी को खुलेआम गोलियों से भून डाला। जानकारी के मुताबिक ज्वैलरी व्यापारी सुल्तानपुर से लखनऊ की तरफ जा रही बस में बैठकर जा रहा था। बदमाशों ने लूट के इरादे से बस को रोककर उनमें बैठे ज्वैलरी व्यापारी को गोली मारी इसके साथ ही और भी तमाम यात्रियों से लूटपाट की।

बस रुकवाकर व्यापारी को गोलियों से भूना
इस पूरी वारदात में पुलिस की नाकामी इसी बात से साबित होती है कि हथियारबंद बदमाशों ने इस पूरी वारदात को बीच रास्ते में बेखौफ होकर अंजाम दिया और पुलिस सोती रही। जानकारी के मुताबिक अमित रस्तोगी हैदरगढ़ में अपनी दुकान बंद कर के बस से लखनऊ वापस जा रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों ने त्रिवेदीगंज में बस को रोककर व्यापारी को गोलियों से भून दिया जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद मचा हड़ंकप, आलाधिकारी मौके पर पहुंचे
जिले को दहला देने वाली इस आपराधिक वारदात के बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार समेत तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक वी.पी. श्रीवास्तव ने इस पूरे मामले पर बोलते हुए कहा कि हथियारबंद बदमाशों ने ज्वैलरी व्यापारी को गोली मारी है। जानकारी के मुताबिक व्यापारी लखनऊ का निवासी है और हैदरगढ़ में उसकी दुकान है। व्यापारी रोजाना लखनऊ से हैदरगढ़ आता जाता था। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

Published on:
29 Mar 2018 07:56 am