
लखनऊ. 16 जुलाई, 2020 को राजधानी लखनऊ से प्रकाशित विभिन्न समाचार-पत्रों में यह अहम सुर्खियां छाई हुई हैं।
संक्रमितों का आंकड़ा 41471 पहुंचा, अब तक 1012 की मौत
यूपी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित 1685 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। यह अब तक एक दिन में मिले नए मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं इससे पहले सोमवार को 1664 और मंगलवार को 1656 नए मरीज मिले थे। लगातार तीसरे दिन सूबे में 1600 से ज्यादा मरीज मिलने के बाद अब कुल रोगियों का आंकड़ा 41,471 हो गया है। वहीं बीते 24 घंटे में 29 और मरीजों की मौत हो गई। जिसके बाद इस खतरनाक वायरस से 1012 लोगों की जान जा चुकी है। अभी तक कुल 25,743 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं और अब एक्टिव केस बढ़कर 14,628 हो गए हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने बढ़ाया तनाव, कम हुई रोगों से लड़ने की ताकत
कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने लोगों को जितना शारीरिक रूप से बीमार किया है, इसके डर ने उससे कहीं ज्यादा मानसिक तनाव लोगों को दे रखा है। इस तनाव के चलते रोगों से लड़ने की क्षमता प्रभावित हो रही है और घबराहट, बार-बार सर्दी-जुकाम और बुखार आने जैसी दिक्कतें बढ़ रही हैं।
विकास दुबे के फरार चल रहे साथियों की पत्नी से पूछताछ
यूपी के मोस्ट वांटेड अपराधी विकास दुबे के मारे जाने के बाद पुलिस ने अब उसके फरार साथियों की खेाज तेज कर दी है। जहां भी उनके होने की संभावना है वहां पुलिस दबिश दे रही है। विकास दुबे के ममरे भाई शशिकांत पांडेय की पत्नी मनु उर्फ पिंकी के तीन कॉल रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद पुलिस फरार चल रहे बदमाशों की पत्नियों के मोबाइल चेक कर रही है।
विकास दुबे मामला : शशिकांत की पत्नी ने की थी मदद लेकिन पुलिस से बोलती रही झूठ
कानपुर एनकाउंटर के अगले ही दिन पुलिस ने विकास के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय को एनकाउंटर में मार गिराया था। उसके बेटे शशिकांत पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है। अब शशिकांत की पत्नी मनु उर्फ पिंकी के मोबाइल से कई अहम सबूत मिले हैं। कॉल रिकॉर्डिंग से साफ हुआ है कि वारदात के बाद मनु ने पति की मदद की और सबूत छिपाने में सहयोग किया। वहीं, मनु लगातार झूठ बोलकर पुलिस को गुमराह करती रही।
विकास दुबे के नाम से नहीं मिला कोई पासपोर्ट, क्या फर्जी तरीके से जाता था विदेश?
कानपुर का कुख्यात अपराधी विकास दुबे के नाम से पुलिस को कोई पासपोर्ट नहीं मिला है। पुलिस ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से यह जानकारी मांगी थी। इसके बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने इसकी जांच करवाई।
कानपुर एनकाउंटर : विकास दुबे के 11 गुर्गे अब भी फरार
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 2 जुलाई की रात हुई आठ पुलिसवालों की हत्या के आरोपी 11 लोग अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसके अलावा कुछ और लोगों के बारे में जानकारी मिली है कि अप्रत्यक्ष तौर पर विकास की मदद कर रहे थे। इन लोगों के बारे में सुराग मिलने पर एसटीएफ की टीमों ने मंगलवार देर रात एक साथ कई जिलों में छापेमारी की। एक दर्जन से अधिक लोगों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।
कानपुर एनकाउंटर केस : गुड्डन त्रिवेदी ने की थी विकास दुबे के उज्जैन जाने की व्यवस्था
कुख्यात अपराधी विकास दुबे के करीबी अरविंद उर्फ गुड्डन त्रिवेदी से पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं। गुड्डन ने पुलिस को बताया कि उसने विकास दुबे के पास कुछ असलहाधारी भेजे थे। राइफलों का इंतजाम भी कराया था मगर खुद मौके पर मौजूद नहीं था। घटना के बाद विकास की भागने में मदद की। शिवली और औरैया में उसी ने रुकने और खाने का इंतजाम किया था। उसके उज्जैन जाने की व्यवस्था भी गुड्डन ने ही की थी। बयानों के आधार पर पुलिस ने उसे मुल्जिम बनाया है।
एमपी के राज्यपाल लालजी टंडन की हालत नाजुक, डायलिसिस हुई
मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टण्डन की हालत नाजुक बनी हुई है। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उनका फेफड़ा, गुर्दा और लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है। जिसकी वजह से डायलिसिस की जा रही है। मेदान्ता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर बताते हैं कि राज्यपाल की तबियत नाजुक है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन के डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
यूपी : थाने से गायब हुआ तीन कुंतल गांजा, इंस्पेक्टर गिरफ्तार
यूपी के प्रतापगढ़ जिले के थाना नगर कोतवाली पुलिस ने मालखाने से गांजा गायब होने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि 16,दिसंबर 2015 को तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह यादव और एसटीएफ ने संयुक्त अभियान के दौरान झारखण्ड से ट्रक में लाद कर लाया जा रहा तीन कुंतल गांजा पकड़ा था। मालखाने से यह गांजा गायब हो गया। यादव सेवा निवृत्त हो चुके हैं।
बिजली के फिक्सड चार्ज में राहत के लिए अब 31 जुलाई तक का समय
उप्र पावर कारपोरेशन लि. के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने औद्योगिक व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को फिक्स्ड व डिमांड चार्ज में राहत (छूट) दिए जाने की समय सीमा 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। यह लाभ तभी मिलेगा जब उपभोक्ता 31 जुलाई तक अपने बकाए बिल का भुगतान कर देंगे।