जिले में 45 दुकानों का ही हुआ नवीनीकरण
by hakim pathan
बारां. आबकारी विभाग के लाख प्रयासों के बावजूद जिले में शराब कारोबारी नए वित्तीय वर्ष में शराब की दुकान चलाने का मन नहीं बना पाए है। जिले में शराब की दुकानों का नवीनीकरण नहीं होने से अब करीब 124 दुकानों पर तालाबंदी की नौबत आ गई है। एक अप्रेल से यह 124 शराब की दुकाने बंद हो जाएगी। हालांकि विभाग की ओर से इन दुकानों को पुन: नीलामी प्रक्रिया से आवंटित करने की नीति बनाई गई है, लेकिन फिलहाल इसके लिए तारीखें तय नहीं की गई है। नीलामी का कार्यक्रम तय नहीं होने तथा दुकानों का आवंटन नहीं होने तक यह दुकाने बंद ही रहेगी। बंद होने वाली इन दुकानों में मौजूद शराब को आबकारी विभाग अपने कब्जे लेगा।
कमाई के चक्कर में कर्ज में आ गए
जिले में आबकारी विभाग की 169 दुकाने है। इनमें से इस वित्तीय वर्ष में 31 मार्च तक मात्र 45 दुकानों का ही आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नीवीनकरण हुआ है। शेष ठेकेदारों ने नवीनीकरण नहीं कराकर शराब कारोबार से तौबा करने का मन बना रखा है। यह 45 दुकाने भी वही है जिनकी नीलामी विभाग की प्रस्तावित राशि के आस-पास ही हुई थी। विभाग ने वर्ष 2021-22 के लिए सभी दुकानों के लिए करीब 157 करोड़ की राशि प्रस्तावित की थी, लेकिन नीलामी में यह राशि बढ़कर 209 करोड़ तक पहुंच गई। इससे अधिकांश ठेकेदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ गया। कई तो कमाई के चक्कर में कर्ज में चले गए।
होगी शराब की तस्करी
यों तो आबकारी विभाग की ओर से प्रत्येक दुकान का शराब बिक्री के लिए क्षेत्र निर्धारित किया हुआ है। अब नवीनीकरण नहीं होने से दुकानों की संख्या घटकर मात्र 45 ही रह गई। इससे शराब की तस्करी होने तथा अवैध शराब का कारोबार फैलने की संभावना बढ़ गई है। नवीनीकरण कराने वाले ठेकेदार दुसरे इलाके में भी शराब की अवैध रूप से खपत करेंगे। हालांकि इस रोकने के लिए विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
-अब तक 45 दुकानों का नवीनीकरण हुआ है। शेष 124 दुकानों को एक अप्रेल से बंद किया जाएगा। इन 124 दुकानों के लिए नीलामी प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल नीलामी कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। बकाया वसूली के लिए कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अवैध शराब की बिक्री रोकने व बंदोबस्त को सफल बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।
-तपेशचन्द जैन, जिला आबकारी अधिकारी