राजस्थान के बारां जिले के नाहरगढ़ में वनकर्मियों से कथित मारपीट और रेंज कार्यालय में तोड़फोड़ मामले में नामजद आरोपी भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा को गिरफ्तार करने के लिए बारां पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश दे रही है। हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है और नरेश मीणा कागजों में 'फरार' चल रहे हैं। लेकिन, दूसरी तरफ नरेश मीणा अपने सोशल मीडिया के आधिकारिक पेज पर पूरी तरह सक्रिय हैं। एक ओर जहाँ पुलिस उन्हें ढूंढ रही है, वहीं दूसरी ओर वे खूबसूरत वादियों के बीच नदी में कश्ती पर सवार होकर वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। यही नहीं, चुनावी रोड शो का आगामी शेड्यूल तक जारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को लेकर रणनीतिक बदलाव भी कर दिया है।