
Baran News : इंजन छुड़ा कर ले जाते बंजारा समाज के लोग। फोटो पत्रिका
Baran News : बारां. वन भूमि पर चल रहे इंजन को जब्त करने से नाराज लोगों ने वन विभाग की रेंज कार्यालय में जमकर हंगामा किया। भीड़ ने तोड़फोड़ कर जब्त इंजन छुड़ा लिया। घटना के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया। मामला शाहाबाद रेंज के नाहरगढ़ का है। बंजारा समाज के लोगों का आरोप है कि रेंज कर्मियों ने वन भूमि पर पानी के लिए चल रहे उनके डीजल इंजन को जब्त कर लिया था। इसी को लेकर समाज के लोगों ने नरेश मीणा की सभा में ज्ञापन सौंपकर इंजन वापस दिलाने की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार ज्ञापन देने के कुछ देर बाद ही नरेश मीणा समर्थकों के साथ रेंज कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया और कार्यालय में तोड़फोड़ की। इसी दौरान बंजारा समाज के जब्त किया गया इंजन ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर ले गए। रेंज अधिकारी ने घटना की सूचना तत्काल डीएफओ व उच्च अधिकारियों को दी। साथ ही थाने में भी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भीड़ इंजन लेकर जा चुकी थी।
वन विभाग ने राजकार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति में नुकसान और जब्त माल छुड़ाने का मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि सीसीटीवी व वीडियो फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
1 Nov 2026, 6:43 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 6:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.