
गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस टीम (पत्रिका फोटो)
Baran Anta Tijori Kand: बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में मकान से करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करने के मामले में बारां पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के दो इनामी हार्डकोर अपराधियों गिर्राज पारदी और रामदास पारदी को गिरफ्तार किया है। दोनों मध्यप्रदेश के गुना जिले के रहने वाले हैं। मामले में पूर्व में गिरफ्तार चार आरोपियों सहित अब तक कुल 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को फरियादी ने थाना अंता में रिपोर्ट दी कि 6 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान का मुख्य गेट और गैलरी का ताला तोड़कर प्रवेश किया और पूजा कक्ष में रखी करीब 4 क्विंटल वजनी तिजोरी चुरा ले गए। तिजोरी में करीब 5.50 लाख रुपए नकद, सोने की 2 चेन, सोने की 3 अंगूठियां और संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज थे। कमरे की अलमारी से 7 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए। रिपोर्ट पर थाना अंता में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के सुपरविजन में थानाधिकारी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच में सामने आया कि गिर्राज पुत्र शेरु पारदी, निवासी बिलाखेड़ी, और रामदास पुत्र अम्बाराम पारदी, निवासी खेजरा, थाना धरनावदा, जिला गुना, मध्यप्रदेश के थाना धरनावदा में दर्ज एक प्रकरण में गिरफ्तार होकर गुना जिला जेल में न्यायिक अभिरक्षा में हैं।
पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को गुना जिला जेल से अंता के प्रकरण में अनुसंधान के लिए लाया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। इनसे घटना में शामिल अन्य साथियों और चोरी गए माल के बारे में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गिर्राज शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है, जिसके विरुद्ध 2011 से अब तक पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास के 7 मुकदमे दर्ज हैं। इन राज्यों की पुलिस को उसकी तलाश है। वहीं, रामदास पारदी के विरुद्ध दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास के 16 प्रकरण दर्ज हैं। वह 2004 से लगातार अपराध कर रहा है और इन राज्यों की पुलिस भी उसकी तलाश में है।
Updated on:
28 Oct 2026, 8:04 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 8:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.