
यह कोई बकवास नहीं सच है। दरअसल योगेश के पिता किसान हैं। वह जब-जब खेत में हल चलाते तो उनका पेट दर्द करने लगता। योगेश को अपने पिता की पीड़ा सालती थी। बस यही उसकी प्रेरणा बन गया और उसने ईजाद कर दिया ऐसा रिमोट जो ट्रैक्टर को खेत में दौड़ा सके। मांगरोल. बमोरीकलां गांव निवासी युवा योगेश नागर अपनी धुन के साथ नित नए प्रयोग कर रहा है। 19 वर्षीय योगेश इनदिनों रिमोट से ट्रैक्टर चलाकर सुर्खियां बटोर रहा है। कुछ माह पूर्व उसने रिमोट से ट्रैक्टर को चलाने का सिस्टम ईजाद करने की ठानी। सामान मंगवाया व तारों का जुगाड़ किया तथा इस यंत्र को सैटेलाइट से जोड़कर रिमोट बनाया, जिससे ट्रैक्टर चलाया जा सके। छोटे तौर पर किया गया यह प्रयोग सफल रहने के बाद उसने जैसे-तैसे 50-60 हजार रुपए का जुगाड़ कर बड़ा रिमोट बनाया। जिससे वह खेत के एक छोर पर खड़ा होकर हंकाई, जुताई व बुवाई का कार्य कर रहा है।Read more : मसाला पीसने की मूसली से बना दिया माथे का मसाला,तब तक मारता रहा जब तक दम नहीं टूटा
मेक इन इंडिया से उम्मीद
योगेश को केन्द्र सरकार की मेक इन इंडिया से सहारा मिलने की उम्मीद है। इसके लिए वह प्रयास भी कर रहा है। उसे इन नवाचारों को प्रोत्साहित करने वालों का भी इन्तजार है। फिलहाल तो वह अपने आविष्कारों के लिए खुद राशि जुटा रहा है।
अब यह है तमन्ना
योगेश आर्मी के लिए एक ऐसा वाहन तैयार करने की ठानी है, जो तेज रफ्तार से चले और सेना के तीन ट्रकों को एक साथ खींच सके। कीचड़़ व रेगिस्तान में भी सरपट दौड़े। पहाड़ी इलाकों में चलने व दो जंगी तोपों को एक साथ ले जाने की क्षमता भी इसमें होगी। इसके लिए उसने ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। ये भी उपकरण बनाए एंटी थेफ्ट मशीन: यह मशीन सूने घर में किसी के घुसने पर मकान मालिक को कॉल करेगी।
पावर सेवर : यह बिजली बचत का स्मार्ट सिस्टम है। इससे किचन, बाथरुम में हलचल होने पर लाइट जल जाएगी और हलचल नहीं होने पर बंद हो जाएगी।