बारां

Action : एसीबी के नाम लाखों की वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

ब्यूरो मुख्यालय की गुप्त सूचना पर की कार्रवाई, दो शातिर पकड़े  

less than 1 minute read
Oct 27, 2023
Action : एसीबी के नाम लाखों की वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

एसीबी कोटा की टीम ने एसीबी का भय दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सरकारी अधिकारियों से वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड कर के गुरुवार को दो शातिरों को डिटेन किया। बाद में दोनों शातिरों को कोटा से लाकर शाहाबाद थाना पुलिस को सौंपा गया। इस मामले में गुरुवार को ही शाहाबाद पुलिस थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके अलावा नागौर जिले के जायल पुलिस थाने पर भी एसीबी का भय दिखाकर वसूली करने के मामले में मुकदमा दर्ज हैं।

शाहाबाद में अभियंता ने कराया मुकदमा

एसीबी कोटा ने बताया कि ब्यूरो मुख्यालय से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी कोटा कल्याणमल मीणा के निर्देश पर एएसपी विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में सीआई ताराचंद, देशराज व बृजराज आदि की टीम ने प्रकरण का खुलासा किया। सूत्रों के अनुसार शाहाबाद थाने पर इस सम्बंध में पंचायत समिति के एक अभियंता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।

झूठी सूचना देकर करते थे सम्पर्क

प्रारम्भिक जांच के अनुसार गिरोह के लोग सरकारी अधिकारियों को उनके खिलाफ एसीबी में जांच लंबित होने की झूठी सूचना और नोटिस देकर संपर्क करते थे तथा मामले को निपटाए जाने की एवज में बारां, डूंगरपुर व नागौर आदि जिलों के कई अधिकारियों से लाखों रुपए की अवैध वसूली की गई है। उक्त आरोपियों द्वारा अधिकारियों को पैसे की फर्जी रसीद भी दी जाती थी। इस संबंध में अभियंताओं द्वारा थाना शाहाबाद व जायल जिला नागौर में प्रकरण दर्ज करवाए गए हैं। एसीबी टीम ने प्रकरण में आरोपी वैभव अग्रवाल निवासी झालावाड़ तथा देवेंद्र राठौर निवासी कोटा को डिटेन कर शाहबाद पुलिस को सौंपा है।

Published on:
27 Oct 2023 11:04 am
Also Read
View All