बारां. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह देशभर के 508 स्टेशनों के साथ बारां और छबड़ा रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
बारां. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह देशभर के 508 स्टेशनों के साथ बारां और छबड़ा रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हर अमृत स्टेशन शहर की आधुनिक आकांक्षा और प्राचीन विरासत का प्रतीक बनेगा। अमृत स्टेशनों को आधुनिकता के साथ ईको फ्रेंडली भी बनाया जाएगा। यहां पर मिलने वाली आधुनिक सेवाओं के कारण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्टेशन के आस-पास अच्छी व्यवस्थाएं होने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष को भी आड़े हाथों लेते हुए खरी-खरी सुनाई। कहा वो न काम करेंगे, न करने देंगे। कार्यक्रम बारां में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर आयोजित किया गया था। इस दौरान रेलवे अधिकारियों कर्मचारियों के अलावा भाजपा नेता, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद थे।
पौन घंटे चला लाइन कार्यक्रम
वैसे तो सुबह नौ बजे से ही लोगों का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देशभक्ति के गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू कर दिया गया था, लेकिन लाइव कार्यक्रम 11 बजे बाद ही शुरू हुआ। मंच पर बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश मीणा व वरिष्ठ भाजपा नेता रामपाल मेघवाल, आनन्द गर्ग, नागरिक बैंक अध्यक्ष हरगोविन्द जैन, व्यापार मंडल अध्यक्ष देवकीनन्द बंसल, भाजपा नगर अध्यक्ष महावीर नामा व रेलवे के सीएमआई मंचासीन रहे। तय समय 11 बजे कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए सीएमआई ने स्वागत किया तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद लाइव कार्यक्रम की कनेक्टिविटी हुई। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर नमस्कार किया और सम्बोधन शुरू कर दिया। करीब पौन घंटे तक उन्होंने उद्बोधन दिया। उद्बोधन समाप्त होने के साथ ही कार्यक्रम समाप्त हो गया। लोग कुर्सिंयों से खड़े हो गए।
यह होंगे विकास कार्य
योजना के तहत बारां रेलवे स्टेशन पर अनुमानित 23.04 करोड़ की लागत से तथा छबड़ा-गुगोर स्टेशन पर 21.18 करोड़ की लागत से यात्री सुविधाओं के विस्तार व अन्य विकास कार्य होंगे। बारां में वर्तमान में बने फुटओवर ब्रिज को हटाकर उसे पीछे खिसकाया जाएगा। इसकी जगह 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुटओवरब्रिज बनाया जाएगा। फिलहाल इतना चौड़ा एफओबी कोटा में भी नहीं है। इसके अलावा तेलफैक्ट्री क्षेत्र की आबादी के लिए अलग से टिकट खिड़की, यात्री प्रतीक्षालय आदि का निर्माण होगा। कोटा लाइन की ओर भी माल गोदाम के समीप एफओबी बनाया जाएगा। फिलहाल प्लेटफार्म की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है, लेकिन भविष्य में प्लेटफार्म बनाए जाने की गुंजाइश रखी जा रही है।
व्यापारी और भाजपाई रहे मौजूद
कार्यक्रम में व्यापार महासंघ अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल, प्रमुख मंडी व्यापारी विमल बंसल, वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्र प्रकाश विजय, नन्दलाल सुमन, प्रेम नारायण सोनी, यशभानू जैन, ब्रह्मानन्द शर्मा, प्रशांत विजय, सीमा शर्मा, एसएन गर्ग, रघूराज सिंह केदाहेड़ी, अजय गुप्ता, दिलीप शाक्यवाल, ओम चक्रवती समेत बडी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा मयी रहा माहौल
कार्यक्रम में कांग्रेस जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता नजर नहीं आए। भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की खासी उपस्थिति रहने से कार्यक्रम का माहौल भाजपामयी रहा। हालांकि व्यापारी और आमजन भी यहां मौजूद रहे। इसके बाद भी स्टेशन के पांडाल के पिछले हिस्से में लगाई गई कुर्सियां खाली पड़ी रही। पीएम के सम्बोधन के दौरान बीच में कई बार तालियों की गडग़ड़ाहट भी गूंजती रही।
इस दौरान रेलवे के सीनियर डीईएन कोटा (ईस्ट) वीके पालीवाल, एडीईएन विपिन कुमार, टीआई हेमराज मीणा, एडीएसटी वर्षा शर्मा, सीएमआई राजीव सक्सेना व स्टेशन प्रबंधक मुकेश मीणा, एएसई टेलीकॉम सोहनलाल, आईपीएफ राजेन्द्र कुमार एवं जीआरपी चौकी प्रभारी जयचन्द जाट समेत कई रेलेव कर्मचारी मौजूद थे।
छबड़ा में सिंघवी ने किया संबोधन
छबड़ा में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक प्रतापसिंह सिंघवी ने संबोधित किया। उन्होंने स्कूली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर बाल कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विनोद कुमार मीणा कोटा, एसडीएम गुलाब सिंह, डीएसपी नेत्रपाल सिंह, छबड़ा प्रधान हरिओम नागर, छीपाबड़ौद प्रधान नरेश मीणा व पालिकाध्यक्ष केसी जैन मंचासीन रहे। इसके अलावा स्टेशन अधीक्षक हरिओम मीणा, टीआई जयसिंह मीणा, आरपीएफ चौकी प्रभारी पवन कुमार शर्मा सहित भाजपा नेता हिम्मतसिंह सिंघवी, भंवरलाल वर्मा, बिठ्ठलदास गुप्ता भी मौजूद थे।