बारां

NOTA : नोटा ने दिखाया निर्दलीयों को आइना, कई दलों से ज्यादा मिले वोट

जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकारा

2 min read
Dec 05, 2023
NOTA : नोटा ने दिखाया निर्दलीयों को आइना, कई दलों से ज्यादा मिले वोट

दिल्ली और पंजाब में सत्ता सुख प्राप्त करने के बाद राजस्थान में खाता खोलने की जुगत में लगी आम आदमी पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में प्रदेश की विभिन्न सीटों की तरह बारां जिले की दो सीटों पर भी प्रत्याशी उतारे थे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने तो चारों सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन इनका कोई भी एक प्रत्याशी जिले की चारों सीटों पर नोटा को मिले कुल वोटों का आंकड़ा भी नहीं छू सके। जिले में नोटा पर 8777 मत प्राप्त हुए हैं। इतने वोट दोनों प्रमुख पार्टियों के अलावा न तो किसी अन्य पार्टी के प्रत्याशी को मिले और न ही किसी निर्दलीय प्रत्याशी को मिले।

बहुजन समाज पार्टी को 4323 वोट मिले

आजाद समाज पार्टी ने जिले की चारों सीटों पर प्रत्याशी खड़े कर ताल ठोकी थी, लेकिन खाता खोलना तो दूर की बात, प्रत्याशी मतों के आधार पर पहचान भी प्रदर्शित नहीं कर पाए। बसपा को जिले की चारों सीटों पर कुल 4323 मतों से संतोष करना पड़ा। बारां-अटरू से बसपा के सुरेश कुमार मानव को 1000 वोट भी नहीं मिले, लेकिन वह 978 मत प्राप्त कर यहां तीसरे नम्बर पर रहे। चौथे नम्बर पर 972 मत प्राप्त कर एएसपी (केआर) के उम्मीदवार रहे। इसी तरह किशनगंज सीट पर बसपा के रामदयाल मीणा को 1488 मत मिले। अन्ता सीट पर बसपा के दिनेश को 530 और छबड़ा में बसपा प्रत्याशी छीतरलाल को 1327 मत मिले।

इनका हुआ नोटा से हार का सामना

अन्ता सीट पर भाजपा, कांग्रेस, आप, बसपा और आरएलपी समेत 11 प्रत्याशियों की लम्बी लिस्ट थी। इनमें से 3 उम्मीदवार के अलावा शेष 8 निर्दलीय प्रत्याशी तो नोटा से भी हार गए। यहां 1271 मत नोटा पर मिले हैं। बारां-अटरू सीट पर भी दोनों प्रमुख दलों के अलावा शेष निर्दलीय प्रत्याशियों को नोटा से हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह आदिवासी जनजाति बाहुल्य किशनगंज सीट पर भी शेष प्रत्याशियों की ऐसी ही स्थिति रही। यहां भी 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन किसी भी निर्दलीय को नोटा से ज्यादा वोट नहीं मिले। छबड़ा सीट पर चतुष्कोणीय मुकाबले में दो निर्दलीय उम्मीदवार हावी रहे, लेकिन शेष निर्दलीय नोटा के सामने हार गए।

आप पार्टी महज 4252 वोटों पर सिमट गई

आम आदमी पार्टी जिले में काफी समय से काम कर रही है। इस विधानसभा चुनाव में अन्ता और छबड़ा विधानसभा सीट पर उम्मीदवार खड़े किए थे, लेकिन लोगों ने पार्टी पर भरोसा नहीं दिखाया। अन्ता के उम्मीदवार को 1334 मत मिले ओर छबड़ा के प्रत्याशी को 2918 मत हासिल करने में सफलता मिली। इस तरह दोनों प्रत्याशियों को 4252 मत ही प्राप्त हुए।

विधानसभावार नोटा की स्थिति

बारां-अटरू 2091
अन्ता 1271
किशनगंज 2322
छबड़ा 3093
जिले में कुल नोटा 8777

रिजेक्ट वोट विधानसभावार

बारां-अटरू 88
अन्ता 102
किशनगंज 59
छबड़ा 03
जिले में कुल निरस्त मत 252

Published on:
05 Dec 2023 01:38 pm
Also Read
View All