बारां

खरीद के लिए खोली धन की पोटली

धनतेरस पर जिले के बाजार हुए गुलजार...

2 min read
Nov 02, 2021
खरीद के लिए खोली धन की पोटली

बारां. शहर समेत जिले में धनतेरस पर मंगलवार को कारोबार को पंख लगे, त्योहारी सीजन का इंतजार कर रहे व्यापारियों की खुशियों का दामन भर गया तो लोगों ने भी पर्व के उत्साह को परवान चढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। फिर चाहे स्वर्ण, रजत व डायमंड की खरीद हो या नए वाहनों को घर लाने का उत्साह। शहर के रेडिमेड बाजार में तो सुबह से देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही व खरीद के दौर ने अब तक मायूस बैठे व्यापारियों के चेहरों के रौनक लौटा दी। इतना ही नहीं किराना, पूजन सामग्री, पटाखों की जमकर बिक्री हुई। वहीं, शाम से समूचा बारां शहर आकर्षक विद्युत सज्जा से दमक उठा। देर रात तक शहर का सौन्दर्य निहारने के लिए लोग बाजारों में पहुंचते रहे। पांच दिवयीय पांच दिवसीय दीपोत्सव के उजियारे में लोगों के चेहरे चमक उठे। शहर व कस्बों में विद्युत सज्जा ने लोगों का मन मोह लिया तो दीपकों की जगमग ने भारतीय संस्कृति की परम्परा का दीदार हुआ। जिले में धनतेरस पर्व पर बाजारों में खासी भीड़ रही, खरीदारों के उमडऩे से व्यापारियों को ग्राहकी से फुर्सत नहीं मिली। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार जिले में एक ही दिन में लगभग 60 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। पर्व की शुरुआत सुबह भगवान धन्वंतरि व शाम को मुहूर्त में धनतेरस पर कुबेर की विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। की। शनिवार को धन-धान्य का प्रतिरूप माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना गुरुवार को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से की जाएगी।

जमकर हुई सोने, चांदी व डायमंड की बिक्री
शहर के सर्राफा बाजार में सोने व चांदी के आभूषणों की जमकर खरीदारी हुई। सर्राफा व्यापारियों ने सुबह से ही प्रतिष्ठान खोल लिए थे। पूर्व में बुकिंग कराने वाले लोग तय समय पर उनके प्रतिष्ठानों पर पहुंच गए तथा अपने आभूषण ले गए। इसके अलावा सैकड़ों लोगों ने आभूषणों की खरीदारी की। लोगों ने रजत (चांदी) के सिक्के खूब खरीदे। इस वर्ष जार्ज पंचम के अलावा भारत सरकार की ओर से जारी पांच, दस , बीस, पचास व सौ ग्राम के चांदी के सिक्कों के अलावा विदेशों से आए दस से पचास ग्राम तक के चांदी के सिक्के भी लोगों को रास आए। सोने व डायमंड के आभूषणों की खरीद के प्रति भी लोगों ने उत्साह दिखाया।

दो व चार पहियों की रही चमक
बारां शहर समेत जिले के उपखंड मुख्यालयों के वाहन शोरूम पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आई। सैकड़ों दुपहिया व चारपहिया वाहनों की बिक्री हुई। नए वाहन घरों पर लाने वाले लोगों की खुशियां देखते बनी। नए खरीदारों ने वाहनों की गणेश मंदिरों में विधि-विधान से पूजा करवाई। जिन लोगों ने चारपहिया वाहन खरीदे थे, वे परिवार के लोगों को सैर कराने के लिए ले गए, लेकिन अग्रिम बुकिंग के बगैर नहीं कराने वाले लोगों को उनकी पसंद के वाहन नहीं मिले, इससे वे निराश रहे।

खूब बिका किराना व पूजा सामग्री
शहर समेत गांव व कस्बों में किराना (खाद्य) सामग्री के अलावा पूजा सामग्री की दुकानों पर भी खासी बिक्री हुई। इससे फुटपाथ पर दुकानें सजाकर बैठे लोगों के चेहरे चमक उठे। कुभंकारों के यहां ग्राहकी परवान पर रहने से मिट्टी के पात्रों के दाम चारगुना तक हो गए। बारां शहर में शाम को तो मिट्टी का एक दीपक तीन रुपए तक में बिका। कलश, बिजौरा के दाम भी आसमान पर रहे।

Published on:
02 Nov 2021 10:06 pm
Also Read
View All