बारां

राजस्थान में एक बार फिर बजरी को लेकर मंडराया संकट, इस बार कलक्टर ने SDM को दिए ये सख्त निर्देश

Baran News: बारां जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने अवैध खनन को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग, खनन विभाग के अधिकारियों समेत क्षेत्र के एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगना ही चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2024, 2:01 PM IST
Feature image

Baran News: जिलेभर के विभिन्न क्षेत्रों में नदियों व वनभूमि से पत्थर व बजरी के अवैध खनन को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका ने 11 नवंबर के अंक में इस पर नदियों में हो रहे अवैध खनन पर विस्तृत रिपोर्ट का प्रकाशन किया था। इसके बाद सोमवार को ही प्रशासन हरकत में आ गया।

जिला कलक्टर ने राजस्थान पत्रिका के समाचार पर संज्ञान लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसकी रोकथाम को लेकर सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों समेत संबधित एसडीएम को अभियान चलाकर अवैध खनन पर कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।

ये है मामला

जिले में बजरी व पत्थर के अवैध खनन को लेकर सोमवार को राजस्थान पत्रिका में अवैध खनन ने नदियों को किया छलनी, नष्ट कर दिए तटबंध शीर्षक से समाचार का प्रकाशन किया गया था। इसमें जिले के कई केन्द्रों से लाइव रिपोर्ट कर हालात को बयान किया गया।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया

बारां जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने अवैध खनन को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग, खनन विभाग के अधिकारियों समेत क्षेत्र के एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगना ही चाहिए। इसके लिए विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर निरन्तर कार्रवाई करने को कहा गया है। वहीं प्रशासन ने संगठनात्मक रूप से किए जा रहे अवैध खनन पर भी कड़ाई से रोक लगाने के लिए कमर कस ली है। कलक्टर ने कहा कि अवैध खनन में लिप्त पाया गया व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उस पर कड़ी कार्रवाई में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

अवैध खनन की रोकथाम को लेकर चलाएंगे संयुक्त अभियान

जिले में अवैध खनन को लेकर जिला कलक्टर के निर्देशानुसार रोकथाम को लेकर मंगलवार से अभियान चलाया जाएगा। जहां-जहां से शिकायतें मिल रही हैं वहां प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए अभियान को निरन्तर जारी रखा जाएगा। संयुक्त टीम कार्रवाई को अंजाम देगी। - भंवरलाल लबाना, एएमई, खनन विभाग, बारां

जिलेभर के थानाधिकारियों को आज ही इसके निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिले में कहीं भी अवैध खनन नहीं हो, इसके लिए खनन विभाग की कार्रवाई के दौरान पूर्णत: सहयोग कर अंकुश लगवाया जाएगा। इस मामले में वैसे भी समय-समय पर दिशा निर्देश भी जारी किए जाते रहे हैं। - राजकुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक, बारां

वन क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर पूरी नजर रखी जाती है। सोमवार को जिला कलक्टर के विशेष निर्देश की पालना में सघन अभियान चलाकर अवैध खनन पर सती से रोकथाम के लिए कार्रवाई की जाएगी। - अनिल यादव, उप वन संरक्षक, बारां

Updated on:
12 Nov 2024, 2:01 PM IST
Published on: