Baran News: पुलिस थाने से बाइक चोर के भागने का मामला सामने आया है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। बाइक चोरी कर भाग रहे युवक को सुरक्षा गार्डों ने पकड़कर बापचा थाने को सौंपा था, लेकिन चोर वहां से भाग निकला।
बारां। बापचा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति इन दिनों सवालों के घेरे में है। मोतीपुरा थर्मल पावर प्लांट के आवासीय परिसर में दो दिन पहले हुई चोरी की वारदात के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। घटना में एक चोर बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को सुरक्षा गार्डों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन वह भी बाद में थाने से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दो नकाबपोश युवक मोतीपुरा थर्मल के रेजिडेंशियल परिसर में घुस गए। दोनों ने वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया। एक युवक एक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। दूसरे युवक ने भी मोटरसाइकिल चुराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन मालिक के शोर मचाने पर सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
सिक्योरिटी स्टाफ ने जिम्मेदारी निभाते हुए पकड़े गए युवक को बापचा थाने में सौंप दिया और लिखित शिकायत भी दी। ऐसे में पुलिस के पास कार्रवाई के लिए पूरा मामला तैयार था, लेकिन दो दिन तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।
सूत्रों के अनुसार थाने में लाया गया आरोपी पुलिस की निगरानी से ही फरार हो गया। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब थाने में पकड़ा गया आरोपी ही सुरक्षित नहीं है, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
बापचा थानाधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि सुरक्षा गार्ड एक व्यक्ति को थाने लाए थे, जो अर्धनग्न अवस्था में था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। वह नशे का आदी प्रतीत हो रहा था और अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था। उसकी हालत गंभीर लगने पर उसे थाने में बैठाकर पानी पिलाया गया, लेकिन वह मौका पाकर वहां से भाग गया।
उन्होंने बताया कि जिस मोटरसाइकिल को ले जाने का प्रयास किया गया था, वह वाहन मालिक को मिल गई। इसलिए कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। फिलहाल पुलिस फरार व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर आमजन और सुरक्षा गार्ड अपराधियों को पकड़ने में भूमिका निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की लापरवाही से आरोपी फरार हो रहे हैं, जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।