बारां

खुलासा : जान पर भारी पड़ रहे जमीनों की खरीदारी के मामले

शहर में बढ़़ रहे संपत्ति सम्बंधित अपराध : अजा, जजा वर्ग की भूमि के बेनामी सौदे, पहले भी कई मामले पुलिस तक पहुंचे, आए दिन सामने आते रहते हैं सनसनीखेज मामले

3 min read
Jun 11, 2023
खुलासा : जान पर भारी पड़ रहे जमीनों की खरीदारी के मामले

बारां. शहर में जमीन ओर प्लाट की दोहरी सौदेबाजी का चलन सा शुरू हो गया है। आए दिन दो-तीन जगह सौदाबाजी किए जाने के मामले सामने आने लगे है। अधिकांश मामलों में तो लोग मुकदमे बाजी के चक्कर में नहीं पड़कर समझौता कर रहे है, लेकिन इसमें कमजोर और दुर्बल वर्ग के लोगों को आर्थिक चपत लग रही है और दबंगाई किस्म के लोग चांदी कूट रहे हैं। इससे सम्पत्ति सम्बंधी अपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में 7 जून को कांग्रेस के नगर अध्यक्ष को गोली मारने की जद में भी दाहरी सौदेबाजी प्रमुख कारण रहा है। यह तो एक बानगीभर है। बीते कुछ सालों के दौरान सम्पत्ति सम्बंधित विवाद के कई मामले कोतवाली में दर्ज हो चुके हैं।

कंगाल से बने लखपति
बीते कुछ अरसे के दौरान शहर से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 27 फोरलेन हाइवे के आसपास की जमीनों के भाव आसमान पर पहुंच गए है। झालावाड़ रोड क्षेत्र व बाबजी नगर से फोरलेन हाइवे को जोडऩे वाले तलावड़ा रोड और हाइवे के दोनों ओर की जमीनों की कीमत बेतहाशा बढ़ गई है। कुछ लोगों ने तो ग्रुप बनाकर इस क्षेत्र की जमीनों को खरीदा ओर प्लाङ्क्षनग काट दी। इससे कुछ लोग तो कंगाल से लखपति बन गए।

हाइवे से सटी जमीनों पर जोर
तलावड़ा रोड पर एक प्लाट का दो-तीन लोगों के नाम एग्रिमेंट करने के मामले सबसे अधिक प्ररकण आ रहे हैं। करीब एक माह पहले 6 मई को ऐसे ही एक प्लाट का दो-तीन लोगों के नाम एग्रीमेंट करने के मामले में कोतवाली में प्रोपर्टी व्यवसायी आरोपी जितेन्द्र योगी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। प्लाट का एग्रीमेंट कराने के कई दिनों बाद लोगों को पता लगा कि उसके प्लाट का सौदा दूसरे को भी कर दिया गया। इससे हडकम्प मच गया और करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज किए गए। इससे पहले एक और प्रोपर्टी व्यवसायी के खिलाफ भी तलावड़ा रोड पर प्लाट के दोहरे सौदे करने के मामले दर्ज हुए थे। करीब एक वर्ष पहले शाहाबाद रोड क्षेत्र पर सरकारी जमीन खुद की बताकर बेचान करने का मामला भी पुलिस तक पहुंचा था।

...फिर औने-पौने में खरीदने वाले सक्रिय
सूत्रों का कहना है कि दबंग किस्म के कुछ लोगों ने तो पहले दोहरी सौदेबाजी कर जमीन, प्लाट को विवादित बनाना और फिर उसे औने-पौने दामों में खरीदना धंधा बनाया हुआ है। इससे कई लोग जीवन भर की पूंजी गंवा चुके है तो कुछ पूंजीपति बन गए।

आधा बीघा जमीन में मौत का सौदा!
कांग्रेस नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने मौत के बदले जमीन का सौदा किया था। आरोपी कांग्रेस महासचिव राजेन्द्र मूंडला ने उसके बचपन के मित्र रामकुंवार मीणा को उदयपुर जिले के राजसमंद से हत्या करने के लिए बुलाया था तो उससे तलावड़ा रोड फोरलेन हाइवे स्थित विवादित जमीन में से आधा बीघा जमीन उसे हत्या करने के बदले देने का सौदा किया था। रामकुंवार राजसमंद में भी ढाबा चलाता था। उसे यहां हाइवे पर जगह मिलती तो वह यहां खुद की जमीन पर ढाबा चला सकता था। इसी लालच में रामकुंवार ने पहले शराब का नशा किया। बाद में जोश में आकर गौरव शर्मा को गोली मार दी। चर्चा है कि अजा-जजा वर्ग की जमीनों के बेनामी सौदे मौत का कारण बन रहे हैं। यह सारी जानकारी आरोपियों ने पुलिस को रिमांड के दौरान पूछताछ में बताई है।

सम्पत्ति सम्बंधी अपराधों की रोकथाम को लेकर जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को खान एवं गोपालन मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में विशेष सतर्कता बरतने के दिशा-निर्देश दिए हैं। आगे और सख्ती बरती जाएगी। गौरव शर्मा की हत्या के मामले में भी मुकदमा दर्ज होने के साथ ही आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
राजकुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक

Published on:
11 Jun 2023 11:47 am
Also Read
View All