कांग्रेस ने बुधवार को अन्ता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनावी शंखनाद कर दिया। पार्टी प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के नामांकन के साथ आयोजित सभा में प्रदेश प्रभारी, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई दिए।
भ्रष्टाचार और कमजोर नेतृत्व को लेकर भाजपा सरकार पर तीखे हमले
बारां/अंता. कांग्रेस ने बुधवार को अन्ता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनावी शंखनाद कर दिया। पार्टी प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के नामांकन के साथ आयोजित सभा में प्रदेश प्रभारी, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई दिए। सभा में भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए भ्रष्टाचार, ध्रुवीकरण और जनहित योजनाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए गए। प्रत्याशी ने अपने कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
गहलोत : भ्रष्टाचार कल्पना के परे
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार अब कल्पना के परे पहुंच चुका है। चुनावी बॉन्ड के जरिए हजारों करोड़ रुपए लूटे गए। आरजीएचएस और निशुल्क इलाज जैसी योजनाएं कमजोर कर दी गई हैं। 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा घटाकर मात्र 5 लाख कर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी की 'गारंटी' पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्थान में उनकी गारंटी की धज्जियां उड़ रही हैं।
डोटासरा : गरीबों का हक छीना जा रहा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य में अब तक का सबसे कमजोर नेतृत्व देखने को मिल रहा है। झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से सात मासूम बच्चों की मौत हुई, लेकिन मुख्यमंत्री ने मौके पर जाकर हालात तक नहीं देखे। दो सौ से अधिक किसानों की अतिवृष्टि से मौत हो चुकी है, फिर भी उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला। यह सीधे तौर पर गरीबों के अधिकारों का हनन है।
जूली : लापरवाही के कारण लगातार हादसे
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण प्रदेश में लगातार हादसे हो रहे हैं। बीते दो वर्षों में आम आदमी का जीवन कठिन होता गया है। जनसुनवाई का कोई तंत्र सक्रिय नहीं है। सभा को राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह, विधायक अशोक चांदना, हरिमोहन शर्मा, सुरेश गुर्जर, चेतन पटेल, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
पायलट : अफसर हावी, विधायक असहाय
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि इस उपचुनाव पर पूरे देश की नजर है। उन्होंने भाजपा पर आंतरिक खींचतान और उम्मीदवार तय न कर पाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि राज्य में अफसरशाही हावी है और विधायक असहाय हैं। सभा में सांसद दौसा मुरारीलाल मीणा, विधायक हरिमोहन शर्मा, अशोक चंादना, सीएल प्रेमी, चेतन पटेल, भैरूसिंह परिहार, सुरेश गुर्जर, पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, करणसिंह राठौड़, निर्मला सहरिया, स्नेहलता आर्य, पूनम गोयल और जिला प्रमुख उर्मिला जैन ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रदेश व हाड़ौती के कई नेता मौजूद थे।
काम करते नजर नहीं आए तो छुट्टी समझो
डोटासरा ने कहा कि 11 तारीख तक गांव-गांव में काग्रेस की विचारधारा, कांग्रेस के काम और भाजपा सरकार की नाकामियों को बताएंगे। लोगों की मांग पर तेजल सुपर डूजल का डांस का समय नहीं है। मैं कांग्रेस के नेताओं को कहना चाहूंगा कि (मंच की ओर इशारा करते हुए) अगर अन्ता में काम करते नजर नहीं आए तो आपकी भी छुट्टी समझो। मंच पर चढऩे की तो होड़ रहती है, लेकिन काम नहीं किया तो नाथी को बाड़ो है कै, मै वहीं बात दुबारा नहीं कहूंगा।
देखो… कांग्रेस एकजुट है
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, ’जब कार्यकर्ता मजबूत होता है, तो नेता भी मजबूत होता है।’ उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, ’बीजेपी झूठा प्रचार करती है, देख लो मेरी कांग्रेस एकजुट है।’