बारां

मतगणना की तैयारी पूरी : दोपहर दो बजे तक घोषित होंगे सभी परिणाम, सबसे पहले मिलेगा किशनगंज का परिणाम

निर्वाचन विभाग ने मतगणना की तैयारियों को दिया अंतिम रूप  

3 min read
Dec 01, 2023
मतगणना की तैयारी पूरी : दोपहर दो बजे तक घोषित होंगे सभी परिणाम, सबसे पहले मिलेगा किशनगंज का परिणाम

जिले में विधानसभा चुनाव की मतगणना को अब अन्तिम रूप दे दिया गया है। चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए चार कक्ष होंगे तथा इनमें 12-12 मतगणना टेबल लगाई जाएगी। मतगणना बूथवाइज होगी। प्रत्येक राउंड में 12 टेबल पर ईवीएम खोलकर मतों की गिनती की जाएगी। मतणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। पहले आधे घंटे में पोस्ट बैलेट की गणना होगी, इसके बाद से ईवीएम से मतों की गिनती शुरू की जाएगी। ऐसे में पहला रुझान सुबह साढ़े नौ बजे मिलना शुरू होगा। इसके बाद चक्रवार जानकारी मिलती रहेगी।

एक टेबल पर होंगे तीन कार्मिक

मतों की गिनती के लिए सामान्य टेबल पर तीन कार्मिक तैनात रहेंगे। इनमें एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक काउंङ्क्षटग सुपरवाइजर (सीएस) व एक काउंङ्क्षटग असिसटेंट (सीए) होंगे। एक कक्ष में रिटर्निंग अधिकारी की टेबल अलग से लगेगी। इस टेबल पर रिटर्निंग अधिकारी के अलावा एक सीएस व एक सीए नियुक्त रहेंगे। इसके अलावा दो अन्य कर्मचारी तैनात रहेंगे।

तैनात रहेंगे कई सहायक अधिकारी और कर्मचारी

मतगणना के दौरान कई अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें कई स्ट्रांग रूम से कड़े पहरे में ईवीएम मशीनों को मतगणना कक्षों में लाने व ले जाने के कार्य में जुटेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी समेत मीडिया कक्ष में समाचारों के लाइव प्रसारण के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। सांख्यिकी व सूचना प्राद्योगिकी विभाग के अमला भी मतगणना के दौरान मुस्तैद रहेगा।

दो टेबल पर पोस्टल बैलेट की गणना

निर्वाचन विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रत्येक विधानसभा के मतगणना कक्ष में पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए दो टेबल लगाई जाएंगी। इसके अलावा एक टेबल वीवीपैट केे लिए होगी। वहीं रिटर्निंग अधिकारी का तकनीकी स्टाफ अलग से होगा।

मतगणना दल एवं माइक्रो ऑब्जर्वर का द्वितीय रेण्डमाइजेशन आज


विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना केन्द्र पर नियुक्त किए जाने वाला मतगणना दल एवं माइक्रो ऑब्जर्वर का द्वितीय रेंडमाइजेशन शुक्रवार को प्रात: 11 बजे 1 दिसंबर 2023 को मिनी सचिवालय के सभागार में किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसएन आमेटा ने बताया कि मतगणना दल एवं माइक्रो ऑब्जर्वर का रेण्डमाईजेशन केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारियों, राजनीतिक दलों व अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, अब अन्तिम प्रशिक्षण होगा। गणना के लिए कर्मचारियों का रेएडमाइजेशन रविवार सुबह जल्दी किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति कां संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे।
नरेन्द्र गुप्ता, जिला निर्वाचन अधिकारी

मतगणना के संबंध में दिशा-निर्देश जारी

जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र गुप्ता ने मतगणना स्थल पर ऑब्जर्वर रूम, डीईओ रूम, एनआईसी, सांख्यिकी रूम सहित मीडिया कक्ष में की जाने वाली व्यवस्थाओं को समय पर गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के समय परिसर में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, लैपटॉप आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मीडिया के लिए मीडिया सेंटर में मतगणना की चरणवार जानकारी के लिए एलईडी स्क्रीन व टीवी स्क्रीन लगाई जाएगी।

उन्होंने सांख्यिकी प्रकोष्ठ में कम्प्यूटर, फोटो कॉपियर सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने डाक मतपत्र को समय पर मतगणना स्थल पर पहुंचाने तथा अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचित करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल पूरी तरह त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में रहेगा। मुख्य द्वार पर ही सभी प्रवेश करने वालों के प्रवेश पत्रों की जांच की जाएगी। परिसर के आसपास 100 मीटर की अवधि में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि मुख्य द्वार पर ही मतगणना में नियुक्त कार्मिकों, पुलिस बल में तैनात जवानों सहित अभ्यर्थियों के ऐजेंटों की पूरी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, बीडी, सिगरेट, तम्बाकू, गुटखा एवं ज्वलनशील पदार्थों को ले जाना पूरी तरह निषेध रहेगा। मीडियाकर्मियों को निर्वाचन विभाग की ओर से कार्ड जारी किए जाएंगे।

इतने मतदान केन्द्र (बूथ)

अंता
247

किशनगंज
243

बारां-अटरू
277

छबड़ा
262

Published on:
01 Dec 2023 12:07 pm
Also Read
View All