क्राइम फाइल : अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में ध्वस्त हुए मकान में रहने वालों ने की मारपीट
कवाई. कस्बे में 3 दिन पहले ग्राम पंचायत द्वारा अंबेडकर कॉलोनी में हटाए अतिक्रमण को लेकर दो परिवारों में रंजिश हो गई। शुक्रवार सुबह एक पक्ष के 4 लोगों ने दूसरे पक्ष के एक जने को घायल कर दिया। पुलिस ने घायल का स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज करवा कर बारां रैफर किया है। पुलिस ने उक्त घटना के बाद आनन-फानन में एक महिला सहित 5-6 जनों को डिटेन कर लिया था। जानकारी के अनुसार अंबेडकर कॉलोनी में बरसाती नाला व रास्ते पर इंटरलॉङ्क्षकग कार्य प्रस्तावित है। यह अतिक्रमण के चलते अटका था। सोमवार को प्रशासन गांवों के संग शिविर में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने सरपंच चंपालाल चंदेल की शिकायत पर मुख्य रास्ते एवं नाले की जगह पर बने 4 अवैध मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया था। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही अतिक्रमी एक दूसरे के मकान को ध्वस्त करवाने की बात कर रहे थे। अतिक्रमी ओंकार लाल प्रजापति एवं गंगाबाई बंजारा के बीच एक-दूसरे के मकानों के अतिक्रमण की शिकायत को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद नहीं किया, ऐसे में विवाद बढ़ता गया। शुक्रवार औंकारलाल प्रजापति पर कुछ लोगो ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे बारां रैफर कर दिया गया। हैड कांस्टेबल बालमुकुंद ने बताया कि बारां में घायल ने बताया कि गंगा बाई पति बलराम, पुत्र पप्पू, बनवारीलाल व हेमराज मेघवाल ने लठ्ठ, धारिया व सरियों से उससे मारपीट कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-----------------------------
मासूम की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
गऊघाट. अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत शुक्रवार को मोठपुर थाना क्षेत्र की बड़ौरा चौकी के रायपुरिया गांव में 25 मई को संपत्ति के विवाद को लेकर हुए झगड़े में मासूम की मौत के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोठपुर थानाधिकारी रामदयाल मधुकर ने बताया कि आरोपी रति राम (60) पुत्र केसरीलाल, नवल (23) पुत्र रत्तीराम को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में हैड कांस्टेबल रूडमल सोलंकी, कांस्टेबल हनुमानाराम, दिनेश कुमार, कपिल कुमार का सहयोग रहा।
-------------------------------
बच्चों की लड़ाई में दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने हालात संभाले
छबड़ा. कस्बे में गुरुवार रात बच्चों की लड़ाई के चलते दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों ही पक्षों के लोग हाथों में ल_, गंडासी लेकर झगड़े पर उतारू थे, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीनियर बालिका विद्यालय के पीछे कसाई मोहल्ले में रहने वाले बाबू ईरानी के बच्चों का यहां रहने वाले अन्य बच्चों से गुरुवार दोपहर को झगड़ा हो गया था। शाम को कसाई मोहल्ले के लोगों ने एकजुट हो बाबू ईरानी के घर पर हमला बोल दिया तो संजय कॉलोनी में रहने वाले ईरानी समाज के पुरूष, महिलाएं बड़ी संख्या में हाथों में ल_, गंडासे लेकर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस ने हालात को संभाला। बड़ी संख्या में ईरानी समाज के लोग गुरुवार रात को थाने के सामने जमे रहे। पुलिस ने इस मामले में शेरा कबाड़ी व वसीम ईरानी को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार किया है।