रविवार की शाम को शुरू हुई बारिश का दौर 30 घंटों से भी अधिक समय तक जारी रहा। इससे तापमान में कमी आई और लोगों ने ठंडक महसूस की। हालांकि इससे मौसम सुहावना हो गया है। सुबह-शाम की ठंड के बीच अब मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बदली मौसम की चाल, आज भी शहर सहित कई जगह हो सकती है बारिश
बारां. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बन रहे साइक्लोन मोंथा का असर 1500 किमी दूर बारां तक देखा जा रहा है। इसके असर से जिलेभर में दो दिन से लगातार बारिश का दौर जारी है। रविवार की शाम को शुरू हुई बारिश का दौर 30 घंटों से भी अधिक समय तक जारी रहा। इससे तापमान में कमी आई और लोगों ने ठंडक महसूस की। हालांकि इससे मौसम सुहावना हो गया है। सुबह-शाम की ठंड के बीच अब मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं मध्यम से तेज तो कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि इस बारिश के बाद राज्य में अच्छी ठंड की शुरुआत हो जाएगी।
अलर्ट किया जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बात करें तो बुधवार को कोटा संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल में बने अवदाब तीव्र होकर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल गया है। जिले में इसका असर एक-दो दिन तक रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश होगी और तेज हवाएं भी चलेंगी। राजस्थान के इन हिस्सों में बारिश होने के साथ ठंड भी बढ़ेगी और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। रविवार शाम से हो रही बारिश से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश में कमी आएगी। लेकिन हल्की बारिश देखने को मिलेगी। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी।
लगातार बरसात से भंवरगढ़ में मकान ढहा
भंवरगढ़ कस्बे सहित आसपास ग्रामीण अंचल में गत दो दिनों से हो रही बरसात के दुष्प्रभाव सामने आने लगे हैं। कस्बे में सोमवार रात्रि को बरसात से एक गरीब महिला का घर धराशायी हो गया। गनीमत यह रही कि महिला जाग रही थी, वरना बड़ा हादसा हो जाता। घर गिरने से अंदर रखा अनाज, आटा व घरेलू सामान भी बरसात में भीग गया। पीडि़त महिला चमेली कश्यप ने प्रशासन व सरकार से मुआवजे की मांग की है। चमेली ने बताया कि वह तो पहले से ही आर्थिक तंगी का सामना कर रही थी। मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा करती आ रही थी। रात को उसने पड़ोसी के घर शरण ली।
रातभर जारी रही बरसात] सर्द हवाओं ने झुरझुरी बढ़ाई
शहर सहित जिलेभर में सोमवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान शहर सहित कई स्थानों पर 30 घंटे तक लगातार बारिश हुई। जिले भर में सुबह से आसमान पर बादल छाए रहने के साथी हल्की बरसात भी हुई। इस दौरान चली तेज हवाओं से सर्दी में बढ़ोतरी हुई। इसके चलते कई लोग गर्म व ऊनी वस्त्र पहने नजर आए तो कई शॉल औढ़ कर आते-जाते नजर आए। इस दौरान सर्दी से बचने के लिए गांव में अलाव भी जल गए। मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का प्रतिशत बढकऱ 88 प्रतिशत हो गया। हवा की रफ्तार 19 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में जिले में सर्वाधिक बरसात छबड़ा में तीन इंच दर्ज की गई। यहां पर 80 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा किशनगंज में 49 मिमी, बारां में 47 मिमी, अंता में 60 मिमी बरसात दर्ज की गई।