क्षेत्र में चल रहे उम्मीदवार के स्थानीय व बाहरी मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो भी उम्मीदवार होगा, स्थानीय ही होगा। यह कहते हुए वे प्रश्न के मूलभाव को टाल गए।
राहुल गांधी के बयान पर दी प्रतिक्रिया : क्या हमारे दादाजी, पिताजी लड़कियां छेड़ते हैं
बारां. पंचायती राज व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताई। वहीं वे अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए भाजपा प्रत्याशी के नाम की बात को टाल गए।
मंत्री दिलावर शनिवार को यहां एक दिवसीय निजी दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने सुबह कोटा रोड स्थित एक होटल में मीडिया कर्मियों से रूबरू होते हुए जिले में आयोजित किए गए ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों की उपलब्धि बताते हुए 80 प्रतिशत मामलों के निस्तारण की बात कही, वहीं 20 प्रतिशत जो प्रकरण रह गए, उनके भी शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।
दोस्ती तो सबसे रखनी ही पड़ती है
मंत्री दिलावार ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा कि मैं उनका सम्मान करता हूं, वह मेरे मित्र हैं, लेकिन बेईमानी उनके रोम-रोम में बसी है। जब मंत्री से पूछा गया कि बेइमानों से दोस्ती क्यों, इस पर वे बोले कि दोस्ती तो सबसे रखनी पड़ती है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि क्या हमारे पिताजी, दादाजी लड़कियां छेड़ते हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि लोग मंदिर में जाते हैं। वे लड़कियां छेडऩे जाते हैं। इसका मतलब हिंदू ही लड़कियां छेड़ते हैं। मंत्री दिलावर ने कश्मीर में धारा 370, राममंदिर पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है। उन्होंने सोनिया गांधी पर भी आतंकवादियों की मौत पर टुकुर-टुकुर रोने की बात कही। दिलावर बोल कि ये वही लोग हैं, जो रात को दो बजे कोर्ट के ताले खुलवाते हैं।
स्थानीय होगा, हिन्दुस्तानी होगा
इस दौरान जिले के अंता विधानसभा क्षेत्र में आगामी 11 नवंबर को होने जा रहे उप चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी चयन को लेकर पूछे गए प्रश्न पर दिलावर ने कहा कि हमारा प्रदेश नेतृत्व प्रत्याशी का चयन कर रहा है, शीघ्र ही घोषणा की जाएगी। भाजपा श्रेष्ठ उम्मीदवार देगी। क्षेत्र में चल रहे उम्मीदवार के स्थानीय व बाहरी मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो भी उम्मीदवार होगा, स्थानीय ही होगा। यह कहते हुए वे प्रश्न के मूलभाव को टाल गए। अन्ता उप चुनाव में किस मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे, यह पूछने पर उन्होंने कहा कि अन्ता विधानसभा की जनता समझदार है। यहां भी देशभक्त लोग रहते है। जिन्होंने राम का अपमान किया उन्हें वे बख्शेंगे नहीं, अन्ता में भाजपा ही जीतेगी। इस दौरान उनके साथ किशनगंज शाहाबाद क्षेत्र के विधायक डॉ. ललित मीणा तथा बारां-अटरु क्षेत्र के विधायक राधेश्याम बैरवा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे। लेकिन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा वर्तमान जिलाध्यक्ष गैरमौजूद रहे।
हाथ तो छोड़ दादा, आशीर्वाद कैसे दूं
शनिवार को पत्रकार वार्ता के दौरान पंचायती राज व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के पहुंचने के बाद पहुंचे विधायक राधेश्याम बैरवा ने मंत्री दिलावर के पैर छूने के बाद कहा कि मुझे आशीर्वाद दो, तो मंत्री ने कहा, दे दिया। तब विधायक बैरवा बोले कि माथे पर हाथ रखकर दो, इस पर मंत्री दिलावर ने कहा कि मेरे हाथ तो छोड़ दादा, आशीर्वाद कैसे दूं। इसके बाद दिलावर ने बैरवा के माथे पर हाथ रखा। इसको देख वहां मौजूद लोगो ने ठहाका लगाया।