शातिर गिरोह के सरगना और बड़े शातिरों तक नहीं पहुंच रहे पुलिस के हाथ
जिले के छीपाबड़ौद क्षेत्र में नकली नोटों के चलन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने 5 नवम्बर को छीपाबड़ौद कस्बे के हनुमान चौराहा के समीप से ढोलम निवासी दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4500 रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद किए गए नोट में 5-5 सौ रुपए के कुल 9 अवैध जाली नोट हैं। यह इस वर्ष में छीपाबड़ौद कस्बे में ही नकली नोट मिलने का दूसरा मामला है।
देखने और छूने से कागज में अंतर
सूत्रों के अनुसार आरोपियों से बरामद नोट देखने व छूने से जाली होना पाया गया। देखने व छूने से कागज में अन्तर तथा आरबीआई की ओर से समय-समय पर जारी किए गए 500 रूपए के नोट की पहचान सम्बंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा धागा में रंग हरे से नीले में परिवर्तन नहीं हो रहा है तथा नोट पर दांयी तरफ अंकित अशोक स्तम्भ उभरा हुआ नहीं है। इससे अब तक की जांच में स्पष्ट है कि बरामद किए गए सभी साढ़े चार हजार के 5 सौ के नोट नकली और जाली है। पुलिस टीम में एएसआई हरिशंकर, कांस्टेबल सुभाष, कुंवरपाल व अनिल शामिल थे।
बाजार में चलाने के प्रयास में थे
पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एएसपी घनश्याम शर्मा के सुपरविजन व डीएसपी तरुणकांत सोमानी के नेतृत्व में थाना प्रभारी कल्याण सिंह की टीम को मुखबिर की सूचना पर छीपाबडौद कस्बे के हनुमान चौराहा से छीपाबड़ोद थाना क्षेत्र के ढोलम गांव निवासी रामभरोस उर्फ रामस्वरूप ब्राह्मण (50) व मांगीलाल धाकड़ (32) के कब्जे से 5-5 सौ के 9 नकली नोट बरामद किए गए। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी रामभरोस उर्फ रामस्वरूप ने पेंट की बांयी जेब में नोट रखे थे। इसके पास से 5 नकली नोट मिले। इसी तरह मांगीलाल की तलाशी ली तो उसके पायजामा में 500-500 रूपए के 4 नोट मिले। दोनों आरोपी नकली नोट बाजार में चलाने के प्रयास में थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।
दो माह में दूसरी बार मिले नकली नोट
छीपाबड़ौद कस्बे में ही पिछले करीब दो माह के दौरान नकली नोट मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 3 सितम्बर को कस्बे में ज्वैलरी शॉप संचालक रवि मित्तल व उसके परिचित राहुल भील और सोनू भील के कब्जे से 5 सौ रुपए के 8 नकली नोट बरामद कर इन तीनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई करने को लेकर उदासीनता बरती जा रही है। नकली नोट बाजार में चलाने वालों की अंतिम कड़ी तक पहुंचने को लेकर संभवत: गहराई से प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
पहले भी मुनीम को थमा गए थे नकली नोट
सूत्रों ने बताया कि इससे पहले अक्टूबर 2021 में बारां शहर के कोटा रोड स्थित एसबीआई बैंक शाखा के बाहर फल सब्जी मंडी व्यापारी के मुनीम को तीन शातिर नकली नोट थमा कर 90 हजार रुपए उड़ा ले गए थे। शातिरों ने कहा था कि हमारे 3 लाख रुपए बैंक में जमा नहीं हो पा रहे हैं। आप जमा करा देना, अभी जो आपके पास नगद है वह दे दो। इस तरह झांसे में लेकर वह मुनीम के पास मौजूद 90 हजार रुपए लेकर खिसक गए थे।