बारां

नए अनुसंधान करें किसान, मिलेगा ईनाम और प्रोफेसर का काम

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की योजना- नवाचार करने वाले किसानों को प्रोत्साहन- नए शोध का कराना होगा पेटेंट
2 min read
• •
Updated: 21 Mar 2018, 8:35 PM IST
नए अनुसंधान करें किसान, मिलेगा ईनाम और प्रोफेसर का काम
kvk anta

- किस्म, प्रणाली और गुणवत्ता का विकास
बारां से हंसराज शर्मा की रिपोर्ट
कृषि क्षेत्र में नए और सफल अनुसंधान करने वाले प्रगतिशील किसान अब वैज्ञानिक और प्रोफेसर की तरह कार्य कर पाएंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली द्वारा संचालित .योजना के तहत ये किसान अपने नवीन प्रयोग के माध्यम से प्रोफेसर की तरह अनुसंधान कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें प्रोफेसर के समकक्ष बेसिक वेतन भी मिलेगा। इतना ही नहीं नवाचार करने पर किसान को 10 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। शोध का पेटेंट कराने पर उसे रॉयल्टी भी प्राप्त होगी।

आईसीएआर की इस योजना में शोध कर बेहतर उत्पादन लेने और नवाचार करने वाले किसानों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि वे वैज्ञानिकों के साथ अपने प्रयास कर नई कृषि तकनीकों को विकसित कर सकें। गौरतलब है कि अभी तक किसानों द्वारा किए जाने वाले ऐसे नवाचारों का देशभर के किसानों को लाभ नहीं मिल पाता है। योजना के माध्यम से ऐसे किसानों को मंच भी प्रदान किया जाएगा। किसी किसान की ओर से किए जाने वाले नवाचार को कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र गोपनीय प्रक्रिया के जरिए आईसीएआर के पास भेजेगा। वहां पर वैज्ञानिक जांच व परख के बाद नवीन व प्रमाणिक शोध के रूप में मान्यता दी जाएगी। सफल रहे किसान को प्रोत्साहन के रूप में 10 लाख रुपए तक की राशि दी जाएगी। ऐसे किसानों को कृषक-प्रोफेसर के रूप में नई तकनीक विकसित करने और दूसरे किसानों को प्रशिक्षण देने का मौका मिलेगा, जिसके लिए उसे प्रोफेसर के समकक्ष बेसिक वेतन भी दिया जाएगा।

कराना होगा पंजीकरण, मिल सकेगी रॉयल्टी
किसान को अपने नवीन शोध का पेटेंट हासिल करने के लिए निशुल्क पंजीकरण भी कराना होगा। पेटेंट प्राप्त होने के बाद यदि दूसरा कोई किसान या कंपनी उसके शोध का इस्तेमाल करती है तो रॉयल्टी भी प्राप्त होगी।

कराना होगा सत्यापन
प्रदेश में बहुत कम किसानों को इस योजना की जानकारी है, जबकि दूसरे राज्यों में कई किसान इसे अपना चुके हैं। किसान को इस योजना का लाभ पाने के लिए अपने प्रयोग या किस्म को पटवारी/सरपंच से सत्यापित कराकर कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केंद्रों के पास भेजना होगा।

इनका कहना...
अंता स्थित कृषि विज्ञान केंद्र से दो किसानों के नाम.योजना के तहत आईसीएआर के पास भिजवाए गए हैं, अभी प्रकियाधीन हैं। इसमें ऑर्गेनिक खेती से संबंधित देलाहेड़ी के किसान राजकुमार नंदवाना व सफेद मूसली से संबंधित गुलाबपुरा गांव के गणपत लाल नागर को शामिल किया गया है।
- डी के सिंह, कृषि वैज्ञानिक, केवीके अंता (बारां)

Published on: