वन विभाग के साथ अन्य विभागों ने की किशनगंज और केलवाड़ा में कार्रवाई
किशनगंज रेंज क्षेत्र में वन विभाग द्वारा अवैध खनन, अवैध बजरी भंडारण पर कार्रवाई जारी है। गुरुवार को रामगढ़ नाका क्षेत्र के केलपुरीजी महाराज मंदिर के पास वन विभाग ने 220 टन बजरी का ढेर जब्त किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी हरिराम चौधरी ने बताया कि यहां पर अवैध बजरी का स्टॉक होने की सूचना मिली थी। नायब तहसीलदार बाबूलाल गोचर ने निर्देशन में 220 टन, लगभग 40 ट्रॉली बजरी जब्त की गई। वन विभाग ने बजरी का उठाव करवाकर वन विभाग के अधीन किया। इस दौरान किशनगंज सहायक वनपाल पवन सहरिया, विनोद कुमार, किशनगंज थाना अधिकारी प्रेम बिहारी नागर मय जाप्ता मौजूद रहा।
इधर, केलवाड़ा रेंज क्षेत्र में हेमन्त कुमार गौतम सीओ शाहाबाद ने पेनावदा, हथवारी रोड व ग्राम पहाडी के माळ में अवैध रूप से 90 ट्रॉली पत्थरों के ढेर को जब्त किया। इस मौके पर तहसीलदार शाहाबाद के साथ वन विभाग केलवाडा व पुलिस थाना केलवाडा की टीम मौजूदरही।
पत्थर से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
कवाई में अवैध खनन व परिवहन पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर ट्राली जब्त किया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी भारत राठौर ने बताया कि वनखंड में पत्थर बोल्डर का अवैध खनन कर सिंधनी गांव के समीप बोल्डर से भरी ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर मोठपुर में खड़ा किया गया। ट्रैक्टर चालक दिलीप को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी भारत राठौर, नाका प्रभारी निरंजन बेरवा, योगेश कुमार, शंकर कुमावत धर्मचंद, धीरज कुमार, विजय कुमार आदि उपस्थित रहे।