
शहर के कुछ क्षेत्रों में मुख्य पेयजलापूर्ति लाइनों से रिसाव के चलते फिल्टर किया हुआ पानी व्यर्थ बह रहा है तो कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से कुछ देर के लिए ही पानी मिल रहा है। कोटा रोड पर जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग की दो मुख्य लाइनों से फिल्टर किया हुआ पानी व्यर्थ बह रहा है। आसपास के घरों में गंदा पानी पहुंचने की शिकायत भी आ रही है। एक खेत में तो फिल्टर किए हुए पानी का सिंचाई कार्य में उपयोग भी किया जा रहा है। जोनल हॉस्पीटल के समीप रीको की मुख्य पाइप लाइन से पिछले चार दिनों में लाखों लीटर पानी बह गया है, वहीं मांगरोल बायपास रोड पर टेल क्षेत्र की कॉलोनियों में कम दबाव से पानी पहुंच रहा है। इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी हो रही है।
Read more: बैट्रियां फेल कर रही रोड़वेज की धड़कन
सीवरेज कार्य के दौरान टूटी लाइन
कोटा रोड निवासी बारां नागरिक सहकारी बैंक उपाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि कोटा रोड पर जोनल हॉस्पिटल के आगे सड़क किनारे सीवरेज सिस्टम के लिए जेसीबी मशीनों से खोदी गई सड़कों के साथ पेयजल लाइनों को भी तहस-नहस कर दिया गया। इससे पिछले चार दिनों से नलों में गंदा पानी आ रहा है। इस मामले में सीवरेज का कार्य कर रही एजेंसी के अधिकारियों को लाइन दुरूस्त कराने के लिए अवगत कराया गया, लेकिन ध्यान नहीं देकर उदासीनता बरती जा रही है।
Read more : निकलता है टेड़ी अंगुली से ही घी...जानिए
पुलिसकर्मी भी हो रहे परेशान
इसके अलावा सहकार भवन के समीप लाइन से रिसाव होने के सदर पुलिस थाने के समीप स्थित पुलिस आवासीय क्वार्टरों में भी तीन दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा है। कुछ पुलिसकर्मियों का कहना है कि तीन दिनों से नहाने के लिए भी पानी नहीं मिलने से अन्य परिचितों व मिनी सचिवालय जाना पड़ रहा है। पुलिस आवासी कॉलोनी में करीब 47 क्वार्टर बने हुए हैं। इनमें पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय व सदर पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों के परिवार रह रहे हैं।
इधर, टेल क्षेत्र में नहीं मिल रहा पानी
इधर, श्रमिक कॉलोनी की टंकी पूरी नहीं भरने के कारण मांगरोल रोड बायपास से जुड़ी अर्जुन विहार, भक्ति सागर, बालाजी नगर, दयानन्द कॉलोनी व कॉलेज रोड की ओर सटे मकानों में पूरे दबाव से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्र के पियूष उपाध्याय व रिंकू हाड़ा आदि ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल टकी व नलकूप की एक ही लाइन से जलापूर्ति होती है। टंकी पूरी नहीं भरने के कारण टेल क्षेत्र के घरों तक बहुत कम दबाव से कुछ देर के लिए पानी पहुंच रहा है। इससे खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी नलकूपों से पानी का बंदोबस्त करने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं।
-कोटा रोड की रीको वाली लाइन टूटी है। उसे ठीक कराया जा रहा है। सदर थाने की लाइन को भी ठीक कराया जाएगा। मांगरोल बायपास रोड की समस्या के बारे में सम्बंधित से जानकारी लेकर आपूर्ति दुरूस्त की जाएगी।
-एमपी माथुर, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग