बारां

झरने में नहाते खींच ले गई मौत

‘www.patrika.com/rajasthan-news‘
2 min read
• •
Updated: 23 Jul 2018, 6:38 PM IST
झरने में नहाते खींच ले गई मौत
jharna

नाहरगढ़. निकटवर्ती कपिलधारा धार्मिक पर्यटक स्थल पर रविवार को झालावाड़ जिले के आए एक युवक की झरने के नीचे कुंड में डुबने से मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कुंड से युवक का शव बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना भेज दी। जिनके आने के बाद ही जलवाड़ा चिकित्सालय में पोस्टमार्टम होगा। सहायक थाना अधिकारी राजेंद्र गोठवाल ने बताया कि झालावाड़ जिले के मनोहरथाना के पास के गांव लाडपुरिया गांव निवासी रामचंद्र लोधा (३०) एक निजी बीएड कॉलेज के स्टाफ के साथ सहायक के रूप में कार्य करने यहां आया था। रामचंद्र भी झरने में नहा रहा था। पानी का बहाव तेज होने से उसका पैर फिसल गया और वह बहता हुआ नीचे मौजूद कुंड में जा गिरा। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मौके पर मौजूद नाहरगढ़ निवासी पंकज नागर ने शव को बाहर निकाला। सूचना पर नाहरगढ़ व भंवरगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
नहीं है सुरक्षा गार्ड
सीएलजी सदस्य देवेंद्र सिंहल और मुकेश गर्ग ने बताया कि पिछली जिला स्तरीय सीएलजी बैठक में कपिलधारा में सुरक्षा के लिहाज से बारिश के दिनों में पुलिस कांस्टेबल लगाने की मांग की थी, लेकिन इस घटना से पहले तक मौके पर कोई पुलिस कर्मी नहीं था। इधर भंवरगढ़ थाना अधिकारी जगदीश बाबू ने बताया कि बारिश सुबह से ही बहुत तेज थी, इसलिए पुलिस जवान नहीं भेज पाए।
खाळ की पुलिया से बही जीप
सारथल. कस्बे में रविवार को नाले की पुलिया पार करते समय एक जीप खाळ में बह गई और चालक व खलासी ने तैर कर अपनी जान बचाई। अपराह्न करीब 3 बजे गढ़ के पास स्थित खाळ की पुलिया पर पानी का बहाव था। इस बीच एक जीप चालक सवारी को छोड़कर पुलिया के दूसरे छोर पर जा रहा था। इस बीच तेज बहाव में जीप पुलिया से उतरकर नाले में बह गई। बाद में जीप में सवार चालक व खलासी ने तैर कर अपनी जान बचाई।
नहीं मिला नदी मेंं बहा युवक
अन्ता. अन्ता के निकट कालीसिंध नदी में चार दिन पूर्व बहे ३५ वर्षीय युवक का चौथेे दिन भी कोई पता नहीं लगा। जबकि बचाव दल सहित ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा इसकी तलाश लगातार जारी है। थानाधिकारी रामानंद यादव ने बताया कि ग्राम नागदा की झौंपडिय़ा निवासी युवक रघुवीर कुशवाह उर्फ राणा गुरुवार को मवेशी चराते समय नागदा ग्राम के निकट एक बरसाती नाले में बह गया था। यह नाला कुछ ही दूरी के बाद कालीसिंध नदी में मिलता है। तब से ही जिला मुख्यालय से आए बचाव दल के कई सदस्यों द्वारा मोटरबोट एवं अन्य संसाधनों की सहायता से इसकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक उसका कहीं पता नहीं लगा।
(पत्रिका संवाददाता)

Published on: