बारां

OMG!! विधायक की मौजूदगी में दो वार्डों के लोग हुए आमने-सामने, महिला समेत पांच लोग घायल

विधायक के कार्यक्रम व वार्ड की समस्या बताने को लेकर हुआ विवाद

2 min read
Aug 13, 2023
OMG!! विधायक की मौजूदगी में दो वार्डों के लोग हुए आमने-सामने, महिला समेत पांच लोग घायल

बारां. शहर के वार्ड 30 और 31 के लोग रविवार को विधायक पानाचन्द मेघवाल को क्षेत्र की समस्या बताने के मामले को लेकर लोग आमने-सामने हो गए। लोग इस तरह आक्रोशित हुए कि उन्होंने विधायक मेघवाल की मौजूदगी में ही एक-दूसरे पक्ष पर पत्थराव शुरू कर दिया। इससे एक महिला समेत पांच युवक घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमें दर्ज कर जांच शुरू की है।

पहले धक्का-मुक्की, फिर बिगड़ गया माहौल

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र के विधायक पानाचन्द मेघवाल बारां शहर के वार्डों में दौरा कर जनसुनवाई कर रहे है। विधायक का रविवार को वाल्मीकि बस्ती के वार्ड 30 व 31 के दौरे का कार्यक्रम था। इसके तहत सुबह वे वार्ड 30 में पहुंचे थे। वार्ड 30 के लोग विधायक को वार्ड 31 में समस्या बताने ले गए। इसी दौरान वार्ड 31 के लोगों ने यह कहते हुए विरोध कर दिया कि उनके वार्ड का शाम को कार्यक्रम है। शाम को वह उन्हें समस्या बताएंगे। इसी बात को लेकर दोनों वार्ड के लोग धक्का-मुक्की करते हुए आमने-सामने हो गए।

हमारे वार्ड की समस्या, हम ही बताते

वार्ड 31 की मंजूबाई व बबलू घेंघट का कहना है कि उनके वार्ड में शाम को कार्यक्रम था। शाम को विधायक के पहुंचने पर वह रोड आदि की समस्या से अवगत कराते, लेकिन वार्ड 30 के लोगों ने उनके वार्ड की समस्या बताना शुरू कर दिया। हमारे वार्ड की समस्या हम ही बताते। इसका विरोध करने पर लोग लाठियां लेकर आ गए और पथराव शुरू कर दिया। इसमें 4-5 लोगों के चोट लगी है। उनका कहना है कि हालांकि उन्होंने माला पहनाकर स्वागत की औपचारिकता तो की, लेकिन विधिवत स्वागत नहीं हुआ।

दोनों पक्षों ने दी रिपोर्ट

एएसआई किशनचन्द ने बताया कि पुलिस ने वार्ड 31 के मिथुन वाल्मीकि की ओर से 5-6 लोगों, वार्ड 30 के अक्षय वाल्मीकि की ओर से 2-3 पर रिपोर्ट दी गई है। कुछ लोगों के मामूली चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।

- वार्ड 30 में दौरे का कार्यक्रम था, लेकिन रास्ता 31 से होकर ही था। वहां से निकलते समय वार्ड 30 के लोगों ने ही 31 की समस्या बताना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर धक्कामुक्की हो गई थी। दोनोंं पक्षों को समझाइश कर परामर्श कराया जाएगा।
पानाचन्द मेघवाल, विधायक, बारां-अटरू

Published on:
13 Aug 2023 10:50 pm
Also Read
View All