शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा पांच से बाहरवीं तक पढऩे वाले विद्यार्थियों को पौधरोपण करने पर अंक देना तय किया गया है। इसके लिए अलग-अलग अंक भार भी बताया गया है। बोर्ड कक्षाओं के साथ कक्षा पांच व आठ के सत्रांक में भी यह अंक शामिल किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की पहल : पौधरोपण के अनुसार अंक देना किया तय, बोर्ड में जुड़ेंगे सत्रांक
बारां. सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की पौधारोपण के प्रति रुचि बढ़ाने और पौधारोपण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए एक अनोखी पहल की गई हैं। शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा पांच से बाहरवीं तक पढऩे वाले विद्यार्थियों को पौधरोपण करने पर अंक देना तय किया गया है। इसके लिए अलग-अलग अंक भार भी बताया गया है। बोर्ड कक्षाओं के साथ कक्षा पांच व आठ के सत्रांक में भी यह अंक शामिल किए जाएंगे। यह अंक शिक्षा विभाग की ओर से हरियालो राजस्थान 2.0 व एक पेड़ मां के नाम अभियान में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए तय किया गया है। पौधरोपण करके विद्यार्थी अपने अंक प्रतिशत में सुधार कर सकते हैं।
स्कूल, घर या सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण
यह व्यवस्था केवल बोर्ड परीक्षार्थियों तक सीमित नहीं रहेगी। कक्षा पांच से बारहवीं तक हर छात्र को स्कूल, निवास स्थान या किसी अन्य सार्वजनिक स्थल पर पौधरोपण करना होगा। साथ ही लगाए पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी भी सुनिश्चित करनी होगी। प्रत्येक संस्था प्रधान को अपने स्कूलों में इस संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करना होगा। विद्यार्थियों को सत्रांक में अंक मिलेंगे। छात्रों की इस पहल से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही छात्रों को पौधरोपण की तस्वीरें व देखभाल का रिकॉर्ड स्कूल में जमा करना होगा। अंक सत्रांक में जोड़े जाएंगे और ये ही अंतिम परिणाम का हिस्सा बनेंगे।
कक्षा अनुसार मिलेंगे सत्रांक
कक्षा पांच : हिंदी, अंग्रेजी व गणित विषय में दो-दो अंक, पर्यावरण में 4 अंक और पौधारोपण के 10 अंक।
कक्षा छह व सात : हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान व तृतीय भाषा में 5, अंक, विज्ञान में 5 अंक और पौधारोपण के 10 अंक।
कक्षा आठवीं : हिंदी, अंग्रेजी, गणित सामाजिक विज्ञान व तृतीय भाषा में 5 अंक,विज्ञान में 5 अंक ओर पौधरोपण के 10 अंक।
कक्षा नवमी : हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान व तृतीय भाषा में 5 अंक, विज्ञान में 5 अंक और पौधरोपण में 10 अंक।
कक्षा 10वीं : हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान व तृतीय भाषा में 5 अंक, विज्ञान में 2 अंक और पौधरोपण में 7 अंक।
कक्षा 11वीं : हिंदी व अंग्रेजी अनिवार्य में 2-2 अंक, वैकल्पिक विषयों में 3 अंक और पौधरोपण में 7 अंक।
कक्षा 12वीं : हिंदी व अंग्रेजी अनिवार्य में 2-2 अंक,तीन वैकल्पिक विषयों में 1-1 अंक और पौधरोपण में 7 अंक।
शिक्षा विभाग ने पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय नवीन पहल की शुरुआत की है। यह नवाचार बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण से भी सीधा जोड़ेगा। इससे पोधारोपण को बढ़ावा मिलने के साथ ही उनकी सुरक्षा व संरक्षा भी अधिक हो पाएगी। हरियालो राजस्थान 2.0 तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान में भी रुचि ओर अधिक बढ़ेगी।
गेंदालाल रेगर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, बारां