सुबह 11 बजे कृषि मंडी परिसर में पहुंचेंगे
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी मंगलवार को पहली बार अंता कस्बे में आएंगे। वे यहां सुबह 11 बजे चुनावी आमसभा को सम्बोधित करेंगे। कृषि उपजमंडी परिसर में होने वाली आमसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने सोमवार को यहां पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दिनभर भाजपा कार्यकर्ता सभा की तैयारियों में जुटे रहे। मंच पर बैठने के लिए 20 कुर्सियां लगाई जाएंगी। जबकि मंच के सामने करीब 15 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं।
एसपीजी ने संभाल रखी है कमान
मोदी की सभा के लिए एसपीजी ने सुरक्षा को लेकर पूरी कमान संभाली हुई है। समूचा मंडी परिसर उनकी निगरानी में है। एसपीजी के उच्चाधिकारी जिला निर्वाचन विभाग व पुलिस के अधिकारियों से समन्वय बनाए हुए है। मंडी परिसर में तीन हेलीपेड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री यहां सभा को सम्बोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से कोटा के लिए उड़ान भरेंगे।
पहले स्टेडियम में हुई थी सभा
2013 के विधानसभा चुनाव में भी मोदी अंता आए थे, यहां उनकी सभा सरदार बल्लभ भाई पटेल स्टेडियम में हुई थी। लेकिन तब मोदी प्रधानमंत्री नहीं थे।