बारां

Rajasthan Assembly Elections 2023 : भाजपा की सरकार आई तो कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा : मोदी

अन्ता के कृषि उपजमंडी मैदान में हुई चुनावी सभा में स्थानीय मंत्री को घेरा  

3 min read
Nov 22, 2023
Rajasthan Assembly Elections 2023 : भाजपा की सरकार आई तो कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा : मोदी

अन्ता में मंगलवार को चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने यहां से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के स्थानीय मंत्री प्रमोद जैन भाया को भी घेरा। स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने आम लोगों से हामी भी भरवाई। निर्धारित समय से करीब पौने दो घंटे विलम्ब से शुरू हुई सभा के जरिए भाजपा ने बारां और झालावाड़ की आठों विधानसभा सीटों को साधने की कोशिश की।


सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में मंत्री, विधायक सब बेलगाम है। जनता त्रस्त है। राजस्थान को लुटेरों, दंगाइयों, अत्याचारियों और अपराधियों के हवाले कर दिया। समाज विरोधी ताकतों के हौसलें बुलन्द है। इंसान का सरेआम गला काटा जा रहा है। इस समय लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। जैसे-जैसे लाल डायरी के पन्ने जैसे जैसे खुल रहे हैं, वैसे-वैसे जादूगर के चेहरे की हवाइयां उड़ रही है। डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षो में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है।

भाया पर जुबानी हमला

मोदी ने स्थानीय मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि मैने कहीं पढ़ा है कि कांग्रेस के विधायक ने यहां के मंत्री के लिए कहा है-भाया रे भाया खूब खाया। एक गांव तो पूरा ही खाया। सोरसन गोडावण अभयारण्य में क्या हुआ, ये आप मुझसे ज्यादा जानते है। अवैध खनन के तार किससे जुड़े है, ये किसी से छिपा नहीं है।

एक-एक लॉकर खुलेगा

भाजपा सरकार बनने के बाद एक-एक लॉकर खोला जाएगा। लॉकर वाला लॉक में होगा। ये तो ट्रेलर है, अभी पूरी फिल्म बाकी है। तीन दिसम्बर को भाजपा सरकार बनने के बाद जांच तेज होने वाली है। कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।

रेड कारपेट पर चलता है

राजस्थान में त्योहार दंगाइयों की भेंट चढ़ जाते हैं। झालावाड़ में दलित युवक के साथ क्या हुआ। छबड़ा-गंगधार में जो हुआ, कोई भूल नहीं सकता। यहां दंगाइयों पर कड़ा एक्शन होना चाहिए था। उन्हें जेल में होना चाहिए था, लेकिन दंगे का मुख्य आरोपी मुख्यमंत्री आवास के रेड कारपेट पर चलता है। मंत्री उनके साथ मजबूती के साथ खड़े रहते हैं। भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व परिवारवाद कांग्रेस की सबसे बड़ी बुराई है।

दिवाली जैसी सफाई करें

उन्होंने कहा कि जैसे दिवाली में महिलाएं घरों की सफाई बारीकी से करती हैं, उसी तरह चुनाव में हम सबको कांग्रेस की पूरे राजस्थान से सफ ाई करनी है। महिला सुरक्षा और कल्याण बीजेपी की प्राथमिकता है। आपका सपना मोदी का संकल्प है। क्योंकि मोदी जो गारंटी देता है, वह पूरी होती है। हमारे सामने विकसित भारत का लक्ष्य है, लेकिन राजस्थान को विकसित बनाए बिना यह लक्ष्य अधूरा है। भाजपा सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं से कोई वंचित न रहे, इसलिए 15 नवम्बर को विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की है।

सहरियाओं को साधने की कोशिश

मोदी ने सहरिया आदिवासियों को साधने की कोशिश करते हुए कहा कि जिले में सहरिया समाज का बड़ा परिवार है, लेकिन कांग्रेस ने हर सुविधा से सहरिया समाज को वंचित रखा। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने देश के समस्त आदिवासियों के लिए सरकारी खजाना खोल दिया है। जन मन महायोजना के माध्यम से पिछड़ी आदिवासी जातियों पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 2400 करोड़ का बजट बनाया है।

ये भी कहा
राज्स सरकार डीजल व पेट्रोल पर 12 रुपए प्रति लीटर अधिक वसूल रही है।
बिजली बिल में छूट छलावा है, अब उपभोक्ताओं से रिकवरी की जा रही है।
महिला अत्याचार, बलात्कार व इस बारे में विधानसभा में मंत्री के बयान का उल्लेख किया।
पेपरलीक मामले को प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ धोखा बताया।

अलग-अलग गेट से आए

मंच पर चढऩे के लिए पीछे दो गेट बनाए गए थे। पूर्व मख्यमंत्री मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मोदी से पहले बाएं गेट से मंच पर पहुंची। ऐसे में लोगों की निगाह प्रधानमंत्री के आगमन पर इसी गेट पर लगी रही, लेकिन मोदी दाएं ओर बने गेट से मंच पर पहुंचे। इसके बाद सभा स्थल पर मोदी-मोदी का शोर गूंज उठा।

मोदी ने लोगों को अपने तीन काम बताए

सभा में मोदी ने लोगों को 3 काम बताते हुए उन्हें पूरा करने का वादा लिया। उन्होंने अपील की कि लोग घर जाकर सबको राम-राम कहें। जिनके पक्के मकान नहीं हैं उन्हें चिन्हित करे। शादी-ब्याह के बावजूद मतदान करें।

गहलोत जी... कोनी मिले वोट जी

मोदी में अपने चुटीले अंदाज में भाषण से लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि अब तो बच्चे-बच्चे कहने लगे हैं कि गहलोतजी, अब तो कोनी मिले वोट जी।

अधूरी रह गई तमन्ना

छात्रा स्नेहा खंडेलवाल प्रधानमंत्री मोदी का स्कैच बनाकर लाई थी। किशनगंज की मोनिका मालव मोदी का उनके मां जशोदा बेन के साथ बनाया स्कैच लाई थी। वे इसे प्रधानमंत्री को भेंट करना चाहती थी। इन्होंने हाथ में लहरा मंच की ओर भी दिखाया, लेकिन यह इन्हें मोदी को भेंट नहीं कर सकी।

मंच पर श्रीजी की तस्वीर भेंट की

सभा की शुरुआत में प्रधानमंत्री का बड़े हार से स्वागत किया गया। उन्हें साफा बांधा गया और बाद में बारां शहर के आराध्य भगवान कल्याणरायजी (श्रीजी) की तस्वीर भेंट की गई।

Published on:
22 Nov 2023 12:06 pm
Also Read
View All