सुरक्षा को देखते हुए इस बार बिजली के करंट से होगा रावण दहन
शहर समेत जिले भर में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के तहत गांव-कस्बों में रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ दशानन का परिवार कुंभकर्ण ओर मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। पुतलों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। यहां 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
नगरपरिषद की ओर से श्रीजी चौक स्थित सार्वजनिक समारोह समिति के माध्यम से लंका नरेश के परिवार के पुतलों का निर्माण व दहन कार्यक्रम किया जाएगा। समिति अध्यक्ष प्रमिल राय द्विवेदी ने बताया कि तीनों पुतलों का निर्माण व दहन कार्यक्रम पर करीब चार लाख 92 हजार का बजट प्रावधान किया गया है।
इसके तहत इस बार काफी कुछ नया करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुतलों को केरोसिन, पेट्रोल, डीजल आदि से आग नहीं लगाई जाएगी। रावण दहन के लिए विद्युत करंट का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा आकर्षक, सतरंगी और भव्य आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा। रावण की नाभि में चक्र घूमेगा। लंकापति रावण के पुतले की ऊंचाई 51 फीट और मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों की ऊंचाई 30-30 फीट होगी। निर्माण स्थल पर सोमवार को पुतलों को खड़ा किया जाएगा। दशहरा मैदान में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था आकर्षक सजावट की जाएगी।