बारां

पैरोल पर गया तो लौटकर नहीं आया, अब दाहोद से दबोचा

मांगरोल में डकैती व हत्या के मामले में फरार इनामी गिरफ्तार

2 min read
Nov 08, 2023
पैरोल पर गया तो लौटकर नहीं आया, अब दाहोद से दबोचा

कोतवाली पुलिस ने मध्यपदश के झाबूआ जिले के भील गिरोह के एक शातिर अपराधी को मंगलवार को दाहोद गुजरात से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी करीब 19 वर्ष पहले जिले के मांगरोल कस्बे में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या व डकैती करने वाले गिरोह में शामिल था तथा सजायाफ्ता होने के बाद भी पिछले करीब 13 वर्षो से फरार था। पुलिस की ओर से इसकी गिरफ्तारी पर ईनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस टीम ने इसे गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने बताया कि एएसपी घनश्याम शर्मा के सुपरविजन, डीएसपी राजेन्द्र मीणा के निर्देशन व कोतवाली प्रभारी राजेश खटाणा के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना कोतवाली के ईनामी स्थाई वारन्टी रामसन उर्फ रामचन्द्र भील (39) निवासी मीनामा फलिया, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबूआ (मध्यप्रदेश) हाल निवास उच्चवानिया थाना दाहोद जिला दाहोद गुजरात को गिरफ्तार किया है।

शहर में भी की थी पेट्रोल पम्प लूट की वारदात

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में बारां शहर के चारमूर्ति चौराहा के समीप सूरजभान पेट्रोल पम्प पर झाबुआ के गिरोह ने हमला कर करीब 5 लाख की डकैती की वारदात की थी। इसी दिन गिरोह के दूसरे ग्रुप ने मांगरोल कस्बे में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी तथा डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। मांगरोल के इसी प्रकरण में अपराधी रामसन उर्फ रामचन्द्र भील जेल में बंद था। सजा अवधि के दौरान वर्ष 2014 में पैरोल अवकाश पर गया था। इसके बाद नहीं लौटने पर जिला कारागृह की ओर से इस मामले में कोतवाली में अलग से मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से शातिर को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे थे।

भेजी गई थी टीम

कोतवाली प्रभारी राजेश खटाणा व प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी एएसआई बनवारीलाल ने बताया कि इस खुंखार प्रवृति के अपराधी की गिरफ्तारी को लेकर राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश व गुजरात राज्य में भी तलाश की जा रही थी। पुरार शातिर के दाहोद में होने की जानकारी मिलने पर वहां टीम भेजी गई थी। टीम ने कठिन परिश्रम, मेहनत व लगन से उक्त अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। टीम में सीआई खटाणा के अलावा एएसआई बनवारी हैड कांस्टेबल आशीष, कांस्टेबल हेमराज व समेन्द्र ङ्क्षसह शामिल थे।

Published on:
08 Nov 2023 04:21 pm
Also Read
View All